बैतूल। बैतूल में पुलिस को अब गंभीर अपराधों की जांच में मौके पर ही वैज्ञानिक सबूत जुटाने में मदद मिलेगी। शनिवार को पुलिस को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिली। एसपी वीरेंद्र जैन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया।
हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसे मामलों में होगी उपयोग
मोबाइल फॉरेंसिक वैन का इस्तेमाल हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की जांच में किया जाएगा। अज्ञात शव मिलने की घटनाओं में भी टीम मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटा सकेगी।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम फिंगरप्रिंट, डीएनए सैंपल और अन्य जरूरी सबूत सुरक्षित तरीके से एकत्र कर सकेगी। इससे मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और जांच में उनका इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
वैन में फिंगरप्रिंट और डीएनए किट समेत कई उपकरण
वैन में डीएसएलआर कैमरा, लैपटॉप, प्रिंटर, फिंगरप्रिंट किट, डीएनए सैंपल किट और नारकोटिक्स डिटेक्शन किट सहित जरूरी उपकरण मौजूद हैं। इनकी मदद से घटनास्थल की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करने के साथ साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
एसपी बोले- जांच ज्यादा तेज और व्यवस्थित होगी
एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिलने से गंभीर अपराधों की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम पहले से ज्यादा तेज और व्यवस्थित हो सकेगा। इससे पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने और मामलों की जांच को मजबूत करने में मदद मिलेगी। वैन को रवाना करने के दौरान एएसपी कमलेश खरपूसे, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, एसडीओपी शिवकुमार सिंह समेत पुलिस और एफएसएल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।