• कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल बनी राशन पर्ची, अब परिवार को नियमित मिलेगा खाद्यान्न 

बैतूल। जनसुनवाई में मंगलवार को आमला विकासखंड के ग्राम अंबाडा निवासी श्री गोमा भलावी अपने दो बच्चों के भरण-पोषण की समस्या लेकर पहुंचे। सड़क दुर्घटना में अपना एक पैर गंवा चुके श्री भलावी ने कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को बताया कि दुर्घटना के बाद उनके लिए रोजमर्रा की जिंदगी और परिवार का भरण-पोषण बेहद कठिन हो गया है। उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका है और परिवार में कमाने वाले वे ही हैं। श्री भलावी ने बताया कि राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें शासकीय उचित मूल्य की दुकान से खाद्यान्न प्राप्त नहीं हो पा रहा है। एक पैर खो देने के कारण उनके सामने अपने दो बच्चों के भरण-पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने राशन कार्ड बनवाने का आवेदन कलेक्टर डॉ सोनवणे को दिया। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला आपूर्ति नियंत्रक को तत्काल राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला आपूर्ति विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री गोमा भलावी की राशन पर्ची तैयार कर दी गई। राशन पर्ची बन जाने से अब श्री भलावी और उनके परिवार को प्रतिमाह शासकीय उचित मूल्य दुकान से निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त हो सकेगा। जनसुनवाई में तत्काल हुई इस कार्रवाई से श्री भलावी को बड़ी राहत मिली है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *