• पहले जेब कटती थी, अब ऑनलाइन खातों से पैसे निकाले जा रहे

बैतूल। नए पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने मंगलवार को पदभार संभालने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस शाखाओं के अधिकारी शामिल हुए।
सक्सेना ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराध रोकने, नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने और लंबित अपराधों का जल्द निपटारा करने को प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का तरीका बदल रहा है। पहले जेब कटती थी, अब ऑनलाइन लोगों के खातों से पैसे निकाले जा रहे हैं। साइबर फ्रॉड दुनिया भर में फैला अपराध है। उन्होंने बैतूल पुलिस की साइबर सेल के काम की सराहना की और इसे और मजबूत करने की बात कही।
सक्सेना ने कहा कि जागरूकता की कमी और कई बार लोगों का लालच साइबर फ्रॉड की वजह बनता है। ठगी की रकम कुछ ही समय में कई बैंक खातों में भेज दी जाती है। लोगों को बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। जिले में गांजे की खेती से जुड़े मामलों पर भी ध्यान देने को कहा। अवैध गतिविधियां रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई करेगी। जरूरत के मुताबिक नई योजनाएं शुरू होंगी और पुलिस मुख्यालय के अभियान जारी रहेंगे। शहर के ट्रैफिक पर उन्होंने कहा कि इस समस्या का हल सिर्फ पुलिस नहीं कर सकती। संबंधित विभागों के साथ मिलकर समाधान तलाशा जाएगा। सुरक्षा के लिए शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और नए स्थानों पर कैमरे लगाने की योजना पर भी काम होगा। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *