• 17 सितंबर से तीन चरणों में आयोजित होगा अभियान
  • आबादी भूमि पर काबिज लोगों की होगी निशुल्क रजिस्ट्री

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना प्रारंभ की जा रही है। योजना के तहत आबादी भूमि पर काबिज पात्र लोगों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराए गए है उन्हें नियमानुसार नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जाएगी। जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान निष्पादन पंजीयन का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों के तैयार स्वामित्व अधिकार अभिलेख के पंजीयन की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
तीन चरणों में होगा अभियान
जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान का पहला चरण 17 से 19 सितंबर, दूसरा चरण 24 से 26 सितंबर तथा तीसरा चरण 1 से 3 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान के दौरान राजस्व अभिलेखों एवं आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
पोर्टल का दिया प्रशिक्षण
बैठक में स्वामित्व अधिकार अभिलेख के निष्पादन एवं पंजीयन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया। कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपादित की जाए। बैठक में एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *