बैतूल। शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोसमी बैतूल में इस वर्ष संस्था में प्रवेश को लेकर छात्राओ में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। विगत सत्र में सभी 10 ट्रेडों में शत-प्रतिशत प्रवेश होने के साथ बैतूल जिले ने महिला प्रवेश के क्षेत्र में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। संस्था में इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर, इनफार्मेशन कम्युनिकेशन एंड सिस्टम मेंटेनेंस, कोपा, स्टेनो हिंदी, स्टेनो अंग्रेजी, ऑफिस असिस्टेंट कम कंप्यूटर आपरेटर, फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग तथा स्विंग टेक्नोलॉजी (कटिंग एंड टेलरिंग) जैसे रोजगारपरक ट्रेड संचालित हैं जिनमें प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्राएं देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार कर रही है।
प्रवेश अधिकारी श्री रेवाशंकर पंडाग्रे ने बताया कि इस संस्था में मध्यप्रदेश शासन की एकलव्य योजना के अंतर्गत संस्था के अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं को निःशुल्क छात्रावास एवं भोजन सुविधा के साथ 1000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को बड़ी राहत मिल रही है तथा वे सुरक्षित वातावरण में रहकर तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
संस्था के प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे ने कहा कि इस संस्था में सभी वर्ग की छात्राएं प्रवेश ले सकती है। अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित है। महिला आईटीआई कोसमी में संचालित सभी 10 ट्रेड छात्राओं के कौशल उन्नयन रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं। स्विंग टेक्नोलॉजी ट्रेड में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता केवल 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। वहीं अंग्रेजी विषय में रुचि रखने वाली छात्राओं के लिए स्टेनो अंग्रेजी ट्रेड रोजगार का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। इसी प्रकार फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग आधुनिक एवं तेजी से उभरता हुआ रोजगारपरक ट्रेड है जिसमें भविष्य की व्यापक संभावनाएं हैं।
संस्थान की छात्राएं वर्तमान में फॉक्सकॉन बेंगलुरु, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स होसुर, प्रतिभा सिंटेक्स इंदौर, वर्धमान बुधनी तथा आईसर भोपाल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित होकर आत्मनिर्भर बन रही है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यहां की छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बैतूल जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर चुकी हैं। विगत सत्र में संस्था की छात्रा त्रिशा तावड़े तथा छात्र अरविंद कुमरे एवं छात्रा निकिता तायवाड़े ने अपने-अपने ट्रेड में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं इस सत्र में फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड के शिक्षणार्थी आयुष इवने ने वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल ऑफ एक्सीलेंस प्राप्त कर संस्था को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने जिले के समस्त छात्र-छात्राओं से अपील है कि शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में प्रवेश के लिए डीएसडी पोर्टल www.dsd.mp.gov.in पर जाकर अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराए। प्रवेश संबंधित अधिक जानकारी के लिए प्रवेश प्रभारी श्री रेवाशंकर पंडाग्रे मोबाइल नंबर 9406547329, प्राचार्य मोबाइल नंबर 8319630429 से संपर्क करे।
शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ, 30 जून तक होंगे रजिस्ट्रेशन
+ There are no comments
Add yours