- डीडीओ की तकनीकी समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
- कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए पंजीयन के निर्देश
बैतूल। जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों डीडीओ की आईएफएमआईएस से संबंधित तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला कोषालय बैतूल में 15 जुलाई को आईएफएमआईएस केयर्स कैंप आयोजित किया जाएगा। यह विशेष पहल नवागत आयुक्त कोष एवं लेखा भोपाल श्री अमनबीर सिंह बैस के मार्गदर्शन में स्थानीय स्तर पर की जा रही है, जिससे अधिकारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने समय-सीमा बैठक के दौरान जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को कैंप में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी मीनाक्षी मधुसूदन डाहरे ने बताया कि कैंप के दौरान डीडीओ को जिला कोषालय में उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराना होगा। इसके पश्चात आईएफएमआईएस पोर्टल से जुड़ी पूर्व से लंबित एवं नवीन तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। जिन समस्याओं का निराकरण संचालनालय स्तर पर किया जाना आवश्यक होगा, उन्हें आयुक्त कोष एवं लेखा, भोपाल को प्रेषित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों सहित कैंप में उपस्थित होकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है।
+ There are no comments
Add yours