- -डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बना गेहूं उपार्जन में देश का अग्रणी राज्य
- -किसानों को प्राथमिकता देकर भाजपा सरकार ने रचा नया कीर्तिमान
- -मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक गेहूं उपार्जन और किसानों को मिला सीधा लाभ
- -यह सिर्फ रिकॉर्ड उपार्जन नहीं, बल्कि कांग्रेस के भ्रम और दुष्प्रचार की पोल खोलता है -श्री हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर ऐतिहासिक कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों, पारदर्शी व्यवस्था और प्रभावी प्रबंधन के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश ने इस वर्ष गेहूं उपार्जन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर भुगतान और सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। प्रदेश में निर्धारित 100 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य को पार करते हुए 104 लाख 22 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का रिकॉर्ड उपार्जन हुआ, जो किसानों के विश्वास और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह केवल रिकॉर्ड उपार्जन नहीं, बल्कि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम और दुष्प्रचार की भी पोल खोलता है।
लघु एवं सीमांत किसानों को मिला सबसे अधिक लाभ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने इस वर्ष विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए खरीदी व्यवस्था को मजबूत बनाया। प्रदेश में 13 लाख 41 हजार 266 से अधिक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा गया, जिनमें 8 लाख से अधिक सीमांत एवं लघु किसान शामिल हैं। किसानों को 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया है। अब तक किसानों को 23 हजार 708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने की सतत मॉनिटरिंग
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की सतत मॉनिटरिंग की। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्लॉट बुक करा चुके किसानों के लिए उपार्जन अवधि भी बढ़ाई गई। प्रदेश सरकार ने खरीदी केंद्रों पर तौल काटों की संख्या बढ़ाने, रात तक तौल पर्ची और भुगतान व्यवस्था जारी रखने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छायादार स्थान तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई।
भाजपा सरकार किसानों की समृद्धि के लिए संकल्पित
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर भुगतान और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराकर सरकार ने किसानों का विश्वास मजबूत किया है। भाजपा सरकार का संकल्प केवल अन्नदाता का सम्मान ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी और आत्मनिर्भर कृषि राज्य बनाना है। प्रदेश सरकार किसान हित और कृषि समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
+ There are no comments
Add yours