आम आदमी पार्टी ने घटिया निर्माण कार्य पर उठाए सवाल, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

Estimated read time 0 min read

सारनी। वार्ड क्रमांक 24 लाल बहादुर शास्त्री वार्ड पाथाखेड़ा स्थित सोसायटी के पास बने सार्वजनिक मंच, किचन शेड एवं बाथरूम निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी को लेकर मामला गरमा गया है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रमेश भुमरकर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका परिषद सारनी को आवेदन सौंपकर संबंधित ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई एवं ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जनवरी माह में बने सार्वजनिक मंच एवं उससे जुड़े कमरों की दीवारों में मात्र पांच महीने के भीतर ही दरारें आ गई हैं। वहीं बगल में बने शौचालय का कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है तथा वहां टाइल्स तक नहीं लगाई गई हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता हीन सामग्री से कराया गया है, जिसके कारण भवन समय से पहले क्षतिग्रस्त होने लगा है।
रमेश भुमरकर ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी ठेकेदार घटिया निर्माण कार्य करने का साहस न कर सके। आवेदन में चौपाल की दीवारों की पुनः मरम्मत, प्रांगण में टाइल्स लगाने तथा परिसर के बाहर गेट लगाने की मांग भी की गई है।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य रूप से सुरेश जावलकर (विधानसभा प्रभारी आमला), मनोहर पचोरिया (विधानसभा प्रभारी आमला), सिराज खान (जिला उपाध्यक्ष), थबीराम डोंगरे, शिवकुमार तुमडाम (जिला सचिव), प्रीतम भूमध्यकर (जिला संयुक्त सचिव), हीराबाई देशमुख, प्रकाश वायकर, जन्नत आलम, अनिल पवार, अजय सरणकर, संजय खातरकर सहित समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब नगर पालिका प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours