भोपाल-बैतूल समेत 16 जिलों में बारिश; 2 दिन और ऐसा ही दौर, फिर घटेगी एक्टिविटी

Estimated read time 1 min read

भोपाल। मध्यप्रदेश में बारिश के दो सिस्टम एक्टिव हैं। भोपाल में शनिवार सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई, इसके बाद से रुक-रुक कर पानी गिर रहा है। बड़ा तालाब का लेवल फुल होने पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे भदभदा डैम के 2 गेट खोलना पड़े। 20 साल बाद ऐसा हुआ है, जब जुलाई-अगस्त की जगह सितंबर में भदभदा के गेट खोले गए। इससे पहले 2003 में ऐसा हुआ था। पिछले साल जुलाई में ही भदभदा डैम के गेट खुल गए थे।
24 घंटे में बैतूल, छतरपुर, शिवपुरी समेत 10 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्का पानी गिरा। कई नदी-नाले उफान पर आ गए। भोपाल में एक होटल में 6 फीट तक पानी भर गया। यहां से 6 कर्मचारियों को रेस्क्यू करना पड़ा। भोपाल-बैरसिया रोड करीब साढ़े 4 घंटे तक बंद रही। सीहोर जिले में पार्वती नदी उफान पर आ गई।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले दो दिन और बारिश का दौर रहेगा। इसके बाद एक्टिविटी घटेगी। सितंबर के आखिरी सप्ताह तक हल्की बारिश होती रहेगी।
भोपाल जिला रेड जोन से बाहर आया
गुरुवार तक प्रदेश के कुल 7 जिले- भोपाल, गुना, अशोकनगर, दमोह, सतना, रीवा और सीधी रेड जोन में शामिल थे। यहां 23% से 38% तक कम बारिश हुई थी। रात में भोपाल में करीब 3 इंच बारिश हो गई। शुक्रवार दिन में भी करीब दो इंच बारिश हो गई। इससे भोपाल जिला रेड जोन से बाहर निकल आया है। हालांकि, अभी भी यहां सामान्य से 19% बारिश कम हुई है। भोपाल में अब तक 29.83 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि 36.72 इंच बारिश होनी चाहिए थी।
24 घंटे में कैसा रहा मौसम
भोपाल में 9 घंटे में 1.70 इंच पानी बरस गया। खजुराहो में डेढ़ इंच, बैतूल में करीब 1 इंच बारिश हुई।
शिवपुरी में 0.86 इंच बारिश दर्ज की गई। खंडवा, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, नौगांव और मलाजखंड में भी बारिश हुई।
सीहोर में तेज बारिश से पार्वती नदी उफान पर आ गई। भोपाल-बैरसिया रोड स्थित ईंटखेड़ी में पुल पर बाणगंगा नदी का पानी बहने लगा। यहां करीब साढ़े 4 घंटे ट्रैफिक बंद रहा।
आगे क्या?
अगले 24 घंटे में कमजोर होगा सिस्टम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है। मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर, शिवपुरी होते हुए प्रदेश के उत्तरी हिस्सों से गुजर रही है। एक और ट्रफ लाइन पूर्वी मध्यप्रदेश से गुजर रही है। इससे पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई।
अगले 24 घंटे में सिस्टम कमजोर होगा, लेकिन मानसून ट्रफ लाइन गुजरती रहेगी। MP के दक्षिणी हिस्से में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इनमें सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, डिंडोरी, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, देवास, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और मंडला जिले शामिल हैं। बैतूल में तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां घटने लगेंगी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours