लाड़ली बहना योजना को लेकर CM शिवराज का बड़ा ऐलान : अब 21 साल से अधिक उम्र की अविवाहित बहनों को भी मिलेगा लाभ, जबलपुर में किया रोड शो

Estimated read time 1 min read

जबलपुर। लाड़ली बहना योजना में अब 21 वर्ष से अधिक उम्र वाली अविवाहित बहनों को भी लाभ मिलेगा। जबलपुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बड़ी घोषणा की। वे जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने आए थे। करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे सीएम शिवराज ने दो विधानसभा क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा के तहत रोड शो किया।
यात्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की गौतम जी की मड़िया के पास हनुमान जी की दर्शन के बाद शुरू हुई। यात्रा में मंत्री हरदीप सिंह डंग और सांसद राकेश सिंह समेत कई बीजेपी नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल से अपनी इस घोषणा की जानकारी भी दी है।
कांग्रेस सनातन का अपमान कर रही, इसलिए उसके खिलाफ आक्रोश
मीडिया से बातचीत में सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है। भाजपा सरकार की योजनाओं की वजह से जनता हमें आशीर्वाद दे रही है। कांग्रेस सनातन धर्म का अपमान कर रही है, इसलिए उनके खिलाफ लोगों में आक्रोश है।
‘शिवराज मामा’ पुकार रहे बच्चे को लगाया गले
गौतम जी की मड़िया में दर्शन के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री मंदिर से बाहर निकल रहे थे, एक बच्चा जोर-जोर से शिवराज मामा पुकार रहा था। उसे देखते ही मुख्यमंत्री रुक गए। बच्चे को सीने से लगा लिया। मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा में एक व्यक्ति हनुमान जी के गेटअप में तैयार होकर पहुंचा था।
तीन घंटे देरी से पहुंचे सीएम शिवराज
मुख्यमंत्री को दोपहर 3 बजे तक जबलपुर आना था, लेकिन वह लगातार लेट होते गए। ऐसे में इंतजार करते हुए कई महिलाएं चली गई। महिलाओं का कहना था कि हम दोपहर 12 बजे से बैठे हैं, लेकिन 5 बजे तक मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे, इसलिए अब हम अपने घर जा रहे हैं। करीब शाम को 7 बजे जब मुख्यमंत्री पश्चिम विधानसभा पहुंचे तब सिर्फ उनकी सभा में भीड़ नजर आई जबकि पीछे कुर्सियां खाली हो गई थीं।
मंत्री डंग ने विराट कोहली से की पीएम मोदी की तुलना
मंत्री हरदीप सिंह डंग ने पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना विराट कोहली से की है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति के पीएम मोदी, विराट कोहली हैं। जो दूर दृष्टि के चौके और छक्के लगा रहे हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा में उमड़ रही भीड़ को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दावेदार टिकट पाने के लिए भीड़ जुटा रहे हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours