डिप्टी सीएम की दौड़ से बाहर सुशील मोदी बोले- कार्यकर्ता का पद तो कोई नहीं छीन सकता

Estimated read time 1 min read

पटना। बिहार में नया मुख्यमंत्री तय हो गया है। सोमवार शाम को नीतीश कुमार राजभवन में 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। डिप्टी सीएम के लिए अभी कोई नाम तय नहीं है। अभी तारकिशोर का नाम चल रहा है। वहीं, इस पद के लिए दौड़ से बाहर माने जा रहे सुशील मोदी ने एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘मुझे पार्टी ने 40 साल में बहुत कुछ दिया है। आगे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाऊंगा। मुझसे कार्यकर्ता का पद कोई नहीं छीन सकता।’ इससे पहले, रविवार को हुई NDA की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में पर्यवेक्षक के तौर राजनाथ सिंह, बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव मौजूद रहे। वहीं, नीतीश ने बैठक के बाद राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।

रेणु देवी भाजपा विधायक दल की नेता
भाजपा ने रेणु देवी को विधायक दल के नेता के तौर पर चुना है। वहीं, NDA के उपनेता के तौर पर तारकिशोर का चुनाव किया गया। आमतौर पर उपनेता को ही डिप्टी सीएम की पोस्ट मिलती है। इस बार सुशील मोदी को न चुने जाने पर पटना पहुंचे राजनाथ सिंह ने चुप्पी साध ली थी।

क्या बोले नीतीश?
राज्यपाल से मुलाकात के बाद नीतीश ने कहा कि NDA की बैठक में मुझे विधायक दल का नेता चुना गया। राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। कल ऑफ्टरनून यानी 4-4.30 बजे शपथ ग्रहण होगा। सहयोगी दलों का ध्यान रखा जाएगा। सुशील कुमार मोदी शपथ लेंगे और कितने मंत्री बनेंगे, इस पर नीतीश ने कहा कि इस पर बातचीत जारी है। NDA की बैठक के बाद फिर देवेंद्र फडणवीस और भूपेंद्र यादव नीतीश से मिलने पहुंचे।

नीतीश के साथ ये ले सकते हैं शपथ
भाजपा से: तारकिशोर प्रसाद, डॉ. प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय, राणा रंधीर सिंह
जदयू से: श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, विजेंद्र यादव, संजय झा

किसने-क्या कहा?
NDA की बैठक में भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह अपनी मां पुतुल देवी के साथ पहुंची। पुतुल देवी ने बेटी के मंत्री बनने के सवाल पर कहा कि ये पार्टी का फैसला होगा। श्रेयसी प्रतिभा की धनी है और मेरी समझ से उसे मौका मिलना चाहिए। भाजपा नेता प्रेम कुमार ने कहा कि मेरी डिप्टी सीएम बनने की कोई इच्छा नहीं है, बस प्रधानमंत्री का सपना पूरा करना है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours