बेटे विवेक और विश्वास सारंग ने दी मुखाग्नि, 19 को प्रदेश भाजपा कार्यालय मेंं श्रद्धांजलि सभा

Estimated read time 1 min read
  • कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के पिता कैलाश सारंग का शनिवार को मुंबई में हुआ था निधन

भोपाल। भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सारंग पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बड़े बेटे विवेक और कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनका अंतिम संस्कार रविवार को सुभाषनगर श्मशान घाट पर करीब 4.30 बजे किया गया। अंतिम संस्कार के बाद शांति सभा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई नेता सहित हजारों लोग मौजूद थे। सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 नवंबर को शाम 5 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। कैलाश सारंग का शनिवार को 87 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में निधन हो गया था।

पार्टी के लिए समर्पित रहा सारंग जी का जीवन: सीएम

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने स्व. कैलाश सारंग को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि कैलाश सारंग जी के कारण आज भारतीय जनता पार्टी का भव्य स्वरूप बना है। पहले जनसंघ, फिर जनता पार्टी और फिर भारतीय जनता पार्टी का संगठन उन्होंने प्रदेश में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सारंग जी जैसे व्यक्ति युगों में पैदा होते हैं। हमारे लिए उनका जीवन और कार्यप्रणाली प्रेरणा का स्त्रोत है।

भाजपा परिवार के लिए दु:ख की घड़ी: वीडी शर्मा

पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने स्व. सारंग को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सारंग जी का निधन सबके लिए अत्यंत दु:ख की घड़ी है। वे जब तक जिए, उन्होंने भाजपा के कार्यों का विस्तार कैसे हो, नए कार्यकर्ताओं का निर्माण कैसे हो, इसी सोच के साथ निरंतर पार्टी की सेवा की।

कैलाश सारंग का पार्थिव शरीर रविवार सुबह करीब 9 बजे विशेष विमान से मुंबई से भोपाल लाया गया। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। एयरपोर्ट से पार्थिव देह को 74- बंगले स्थित निज निवास पर लाया गया, जहां पर शिवराज सरकार के कई मंत्री और भाजपा नेता उनके अंतिम दर्शनों के लिए पहुंचे और उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दोपहर उनके पार्थिव शरीर पर तिरंगा लपेटा और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोपहर 2.30 पार्थिव शरीर को भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के बाद 4 बजे सुभाष नगर विश्राम घाट पहुंचा। यहां 4.30 बजे राजकीय सम्मान के साथ कैलाश सारंग का अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को मुंबई के अस्पताल में 87 साल के कैलाश सारंग का निधन हो गया था। उनकी तबीयत बिगड़ने पर 2 नवंबर को एयर एंबुलेंस से भोपाल से मुंबई ले जाया गया था। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व सांसद और कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के पिता कैलाश सारंग के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मोदी ने संवेदना जताते हुए लिखा- कैलाश सारंग को मध्य प्रदेश की प्रगति चाहने वाले दयालु और मेहनती के नेता के रूप में याद किए जाएगा। उन्होंने मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किए।

More From Author

+ There are no comments

Add yours