पत्रकार सुरक्षा कानून सहित सभी मांगें पूरी होगीं: उपमुख्यमंत्री शुक्ल

Estimated read time 0 min read
  • बैतूल जिला इकाई के सैकड़ो पत्रकार जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकारो के नेतृत्व मे भोपाल पहुंचे
  • मजदूर दिवस पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जबरदस्त रैली निकाल कर बुलंद की आवाज

बैतूल/ सारनी। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्रकार सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने का भरोसा देते हुए कहा है कि हमारी सरकार समस्याओं का समाधान करने के लिए है। वे अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शुक्रवार को भोपाल के समन्वय भवन में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इसके पहले संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को पत्रकार सुरक्षा कानून सहित 21 सूत्रीय मांगों का पत्र सौंपा। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री मुकेश नायक सहित पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में आए श्रमजीवी साथी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद न्यू मार्केट में श्रमजीवी साथियों ने अपनी मांगों को लेकर विशाल रैली निकाल कर अपनी आवाज बुलंद की।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मांग पत्र उन्हीं को दिया जाता है जो मांग को पूरा करते हैं। इसलिए निश्चित रूप से पत्रकारों की मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से होता है। सरकार ने पहले भी पत्रकारों की कई मांगों को पूरा किया है। वे मुख्यमंत्री से जरूर बात करेंगे कि पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए कमेटी क्यों नहीं बनी। राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सत्ता आती है, जाती है हम लोग जनता की समस्या का समाधान करने वाले लोग हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कटाक्ष पर कहा कि उन्हें पत्रकारों की मांगों को पूरा करने के लिए मदद नहीं करनी पड़ेगी, सरकार खुद यह काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो जहां हैं वहीं रहें। वे विपक्ष का अपना काम अच्छा कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाना है तो हमें पत्रकारिता को मजबूत बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जितना अच्छा शासन, उतना अच्छा विपक्ष और पत्रकारिता।
शलभ भदौरिया और श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय
श्री शुक्ल ने कहा कि शलभ भदौरिया और मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय हैं। इतने लंबे समय तक शलभ जी द्वारा दायित्व का निर्वाह उनके कार्यों को मान्यता प्रदान करता है इतने लंबे समय से संगठन चलकर पत्रकारिता को मजबूत करने पर वे शलभ भदौरिया का अभिनंदन करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने श्रमजीवी साथियों की विशाल संख्या को देखकर कहा कि जितने साथी हाल में हैं उससे कहीं ज्यादा बाहर मौजूद हैं। यह सब मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के भरोसे के कारण है। इसीलिए यह संघ टिका है। इतना ही नहीं पत्रकारिता क्षेत्र के प्रदेश के मजबूत स्तंभ यहां उपस्थित हैं।
हम पूरी कर देंगे मांग: जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकारों ने अपनी मांगों को लेकर जो भावना व्यक्त की वह स्वाभाविक है। उनकी मांगे पूरी करना सरकार का दायित्व ही नहीं पत्रकारों का अधिकार भी है। उन्होंने श्रमजीवी साथियों की मांगों का समर्थन करते हुए उपमुख्यमंत्री से उन्हें पूरा करने को कहा। जीतू पटवारी ने कटाक्ष कर कहा कि आप जो मांगें छोड़ देंगे वे हम पूरी कर देंगे उन्होने कहा कि आज देशभर में हालात इतने खराब हैं कि 400 पत्रकारों पर हमले हो चुके हैं और इनमें 40 पत्रकारों की मौत हो चुकी है। समाज को सही दिशा में चलाने और सच्चाई उजागर करने पर पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। पत्रकार एक सैनिक की भूमिका निभाता है, उसकी रक्षा करना सरकार और समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार कमियां खोज कर लाता है और इस पर विपक्ष आवाज उठाता है। यदि हमलों के डर से विपक्ष भी आवाज उठाना बंद कर दे तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। जीतू पटवारी ने कहा कि किस तरह का वातावरण है कि पत्रकारों को सुरक्षा मांगनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग को पत्रकारों के रक्षक का काम करना चाहिए जबकि वह मुख्यमंत्री का मूड ठीक करने के काम का होकर रह गया है।
उपमुख्यमंत्री को सौंपा 21 सूत्रीय मांग पत्र
इसके पहले शासन संगठन समन्वय समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी ने लिफ्ट गिरने पर घायल होने के बावजूद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के 21 सूत्रीय ज्ञापन का वाचन कर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से उन्हें पूरा करने की मांग की। ज्ञापन की प्रति प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उपमुख्यमंत्री को सौंपी। उन्होंने मांगों को तत्परता से पूरा करने की जरूरत बताई।
नर्मदा हॉस्पिटल के संचालक राजेश शर्मा का आभार
साथ ही रिज़वान अहमद सिद्दीक़ी ने बताया कि प्रदेश महामंत्री सुनील त्रिपाठी , महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष अनीता चौबे, सादिया खान स्वास्थ के बारे में जानकारी दी और बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष दलीप सिंह भदौरिया पूर्णतः स्वस्थ है। उन्होंने यह भी बताया कि गंभीर परिस्थितियों के बावजूद नर्मदा हॉस्पिटल के संचालक डॉ राजेश शर्मा के निर्देशन पर टीम ने कुशलता पूर्वक उन्हें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाया।
सुशील अग्रवाल का अभिनंदन
कार्यक्रम में मध्या एडवरटाइजिंग के सुशील अग्रवाल का मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ को ओर से प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने अभिनंदन किया। श्री अग्रवाल ने लिफ्ट गिरने से घायल हुए सभी श्रमजीवी साथियों का उपचार कराने का जिम्मा लिया है। इसके पहले लिफ्ट गिरने से घायल कार्यक्रम की आयोजन समिति के प्रमुख और संयोजक शासन संगठन समन्वय समिति रिजवान अहमद सिद्दीकी और प्रगति सक्सेना ने उस घटनाक्रम का ब्यौरा देते हुए बहुत बड़ी घटना टल जाने पर ईश्वर का लाख लाख शुक्र जताया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, राजकुमार दुबे, अमित द्विवेदी, राजेंद्र राठौर, संगठन प्रभारी मो अली, संयोजक अनुशासन समिति प्रहलाद सिंह भदौरिया, संयोजक इलेक्ट्रानिक प्रकोष्ठ मनोज गोस्वामी, सह संयोजक शासन संगठन समन्वय समिति राजेंद्र पुरोहित आदि ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने को जरूरी बताते हुए मांग पूरी होने तक सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की वकालत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। श्रमजीवी साथियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया, कोषाध्यक्ष शिशुपाल सिंह तोमर, संयोजक सदस्यता अभियान समिति सरल भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, अनिल त्रिपाठी, प्रदेश सचिव मेंहदी हसन, रामशरण पाराशर सहित पूरे प्रदेश से आए प्रदेश, संभाग, जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों सहित हजारों सदस्य मौजूद थे।
बैतूल जिला इकाई के सैकड़ो पत्रकार भोपाल पहुंचे
बैतूल जिला इकाई के सैकड़ो पत्रकार जिला इकाई अध्यक्ष रंजीत सिह, अब्दूल रहमान, शैलेन्द्र ठाकूर, महासचिव गुणवन्त बबलू चड्डा, जिला उपाध्यक्ष विलाश चौधरी, काली चौरासे, शमीम रिजवी, भीम बहादूर थापा, नितिन देशमुख, पंकज अग्रवाल, अंकित सुर्यवशी, योगेश गोस्वामी, निलेश मालवीय, धमेन्द्र राय, अशोक बांरगे, पंकज नागवंशी, संतोष जावलकर, यंशवत जाटव के नेतृत्व में सैकड़ो श्रमजीवी साथी राजधानी पहुंचकर पत्रकार सुरक्षा कानून की आवाज को बुलंदी से उठाया।

More From Author

+ There are no comments

Add yours