वीवीआईपी मार्ग रहेगा सैनिटाइज, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध

Estimated read time 1 min read

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष वैकल्पिक मार्ग निर्धारितविभिन्न स्थानों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

बैतूल। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित बैतूल भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। थाना यातायात बैतूल द्वारा जारी सूचना के अनुसार कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने, आमजन की सुविधा तथा सुरक्षा मानकों के पालन के लिए विशेष मार्ग, पार्किंग स्थल एवं वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।

वीवीआईपी कार्केट के लिए निर्धारित किया गया विशेष मार्ग

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का कार्केट हेलीपैड मिलानपुर से भारत भारती, सोनाघाटी फॉरेस्ट बैरियर, चक्कर रोड, थाना कोतवाली चौक, गणेश मंदिर, कॉलेज चौक, पुलिस कंट्रोल रूम चौक, पुलिस पेट्रोल पंप होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा।

आमजन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। गंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र से आने वाले वाहन मैकेनिक चौक, गुरुद्वारा रोड एवं रैन बसेरा चौक मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंच सकेंगे। मुलताई क्षेत्र से आने वाले वाहनों को परतापुर, बैतूल बाजार, एलबी लॉन, बडोरा चौक एवं गेंदा चौक मार्ग का उपयोग करना होगा। इंदौर हाईवे की ओर से आने वाले वाहन तितली चौराहा, करबला मार्ग, डॉन बॉस्को स्कूल एवं राम बोले चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। वहीं आमला रोड से आने वाले वाहनों के लिए हमलापुर चौक, वन विद्यालय, तिवारी पेट्रोल पंप, काली चट्टान रोड, ग्रीन सिटी, भग्गूडाना, आबकारी तिराहा, रेलवे स्टेशन, मैकेनिक चौक, गुरुद्वारा रोड एवं रैन बसेरा चौक होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए 18 जून को प्रातः 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैतूल नगर सीमा में भारी एवं मध्यम वाहनों, ट्रैक्टर एवं ट्रॉलियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

वीआईपी, प्रशासनिक एवं आमजन के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल

कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आमजन के वाहनों के लिए पृथक-पृथक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दक्ष केंद्र शिवाजी चौक में वीवीआईपी एवं वीआईपी पार्किंग, पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में पुलिस प्रशासनिक पार्किंग, पुलिस परेड ग्राउंड अंबेडकर चौक में दोपहिया वाहन पार्किंग तथा रैन बसेरा चौक के समीप चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त गुरुद्वारा रोड स्थित आदिवासी छात्रावास के सामने पुलिस परेड ग्राउंड गेट तथा उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान (हॉकी स्टेडियम के समीप) में भी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

महाविद्यालयीन परीक्षार्थियों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था

महाविद्यालयीन परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था भी की गई है। शाहपुर एवं सारणी क्षेत्र से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए शाहपुर, पाथाखेड़ा जोड़, घोड़ाडोंगरी, रानीपुर, चिखलार, पहाड़ी अस्पताल मार्ग, खासी खदान, अवस्थी गोदाम, अखवाड़ा चौक, लिंक रोड एवं कारगिल चौक मार्ग निर्धारित किया गया है। आमला मार्ग से आने वाले विद्यार्थी हमलापुर चौक, वन विद्यालय, तिवारी पेट्रोल पंप, काली चट्टान रोड, ग्रीन सिटी, भग्गूडाना एवं आबकारी तिराहा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं मुलताई क्षेत्र से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए परतापुर, बैतूल बाजार, एलबी लॉन, बडोरा चौक एवं गेंदा चौक मार्ग निर्धारित किया गया है। इंदौर हाईवे से आने वाले विद्यार्थी तितली चौराहा, करबला मार्ग, डॉन बॉस्को स्कूल एवं राम बोले चौक मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा एवं परीक्षा केंद्रों तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।

सुरक्षा कारणों से कार्केट मार्ग रहेगा पूर्णतः खाली

थाना यातायात द्वारा जारी सूचना के अनुसार सुरक्षा कारणों से 18 जून को प्रातः 9 बजे से 10:15 बजे तक राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के कार्केट मार्ग को पूर्णतः खाली एवं सैनिटाइज रखा जाएगा। साथ ही एंटी-सबोटाज जांच पूर्ण होने के बाद कार्केट मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन संचालन की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन ने नागरिकों से किया सहयोग का आग्रह

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours