MP में मंत्रिमंडल विस्तार आज : विजयवर्गीय, कृष्णा गौर, सिलावट, सारंग, राकेश सिंह को शपथ के लिए कॉल आया

Estimated read time 1 min read

भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। संभावना है कि मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह करीब सवा 9 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल को उन विधायकों के नाम सौंपे हैं, जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है, उन्हें फोन पर सूचना देकर राजभवन में मौजूद रहने को कहा गया है। हालांकि, मंत्रिमंडल में कितने और कौन विधायक शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राजभवन से बाहर निकलते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से कहा, ‘आज दोपहर साढ़े तीन बजे माननीय राज्यपाल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और सीनियर नेताओं के मार्गदर्शन में नया मंत्रिमंडल प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेगा।’

मंत्रिमंडल से जुड़े अपडेट्स…

  • पूर्व सांसद और जबलपुर पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक राकेश सिंह को भोपाल से आज सुबह फोन आया। इसके कुछ देर बाद ही वे भोपाल के लिए रवाना हो गए। इंदौर-1 से विधायक कैलाश विजयवर्गीय को भी फोन पर सूचना दी गई है।
  • भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट से विधायक कृष्णा गौर, नरेला विधायक विश्वास सारंग और सांवेर विधायक तुलसी सिलावट को फोन पर मंत्रिमंडल में शामिल होने की सूचना मिल गई है।
  • कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही इंदौर से भोपाल रवाना होंगे। सीएम इंदौर के कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे श्रमिकों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद सीएम भोपाल पहुंचेंगे।
  • नरसिंहपुर विधायक प्रहलाद पटेल जबलपुर से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं।
  • राजभवन में नए मंत्रियों के लिए 28 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
  • शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। वे दोपहर करीब 2 बजे भोपाल पहुंचेंगे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours