बैतूल। मध्यप्रदेश के दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने शनिवार को बैतूल में दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने भारत-भारती में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन समारोह में सहभागिता की। आयुक्त ने सर्वप्रथम जिला शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां छात्रावास के सामने जलभराव तथा शयन कक्ष में सीलन की स्थिति पाई गई। निरीक्षण के दौरान वार्डन एवं सहायक वार्डन भी छात्रावास में उपस्थित नहीं मिले। बालिका छात्रावास में उपस्थिति पंजी के संधारण में भी गंभीर कमियां सामने आईं।
इसके बाद डॉ. खेमरिया ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित प्रताप वार्ड स्थित अस्थिबाधित विद्यालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान अधीक्षक ने छात्रावास की उपलब्धियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। आयुक्त ने विद्यालय के अतिथि शिक्षक एवं विद्यार्थियों से कक्षा में अलग से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
आयुक्त ने समाजसेवी स्मिता राजावत द्वारा संचालित मीमांसा केयर फाउंडेशन का भी अवलोकन किया। यहां बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित 15 बच्चों ने आयुक्त का स्वागत किया। श्रीमती स्मिता राजावत ने बच्चों द्वारा तैयार की गई कलात्मक सामग्री आयुक्त को भेंट की। आयुक्त ने बच्चों की प्रतिभा एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *