- 18 सितंबर से शुरू होगा अभियान,प्रलोभन और अफवाहों को लेकर बीएमएस ने जताई आपत्ति प्रमोद सिंह बोले-मजदूर हित सर्वोपरि, किसी के बहकावे में न आएं
पाथाखेड़ा। वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के पाथाखेड़ा क्षेत्र में वर्ष 2026 के लिए होने वाले सदस्यता सत्यापन अभियान को लेकर श्रमिक संगठनों के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं। 18 सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता सत्यापन अभियान से पहले ही आरोप-प्रत्यारोप और प्रलोभनों का दौर शुरू होने का दावा किया जा रहा है। इसको लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ ने कामगारों और कर्मचारियों से किसी भी प्रकार के दबाव,अफवाह या प्रलोभन में नहीं आने की अपील की है।भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ,पाथाखेड़ा क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सदस्यता सत्यापन को देखते हुए क्षेत्र में अन्य संगठनों एवं व्यक्तियों द्वारा कामगारों और कर्मचारियों को प्रभावित करने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने दावा किया कि एक संगठन द्वारा लकी ड्रा (लॉटरी) का प्रलोभन दिए जाने की बात सामने आई है,जिसको लेकर कानूनी कार्रवाई जारी है। बीएमएस के एरिया महामंत्री प्रमोद सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय कर्मशाला में कार्यरत कामगारों एवं कर्मचारियों को अन्य इकाइयों में भेजे जाने से रोकने के नाम पर भी भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पाथाखेड़ा महाप्रबंधक से चर्चा होने की बात भी गलत तरीके से प्रचारित की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी कामगार या कर्मचारी के क्षेत्रीय कर्मशाला से स्थानांतरण से पहले क्षेत्रीय जे.सी.सी. कमेटी की बैठक होती है और नियमानुसार वहां विषय पर चर्चा की जाती है। वर्तमान में ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है। ऐसे में स्थानांतरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं को उन्होंने अफवाह बताया।
मजदूर हित के मुद्दे पर बीएमएस पीछे नहीं हटेगा
श्री सिंह ने कहा कि यदि भविष्य में क्षेत्रीय कर्मशाला के कामगारों एवं कर्मचारियों से जुड़ा कोई स्थानांतरण या अन्य विषय सामने आता है तो भारतीय मजदूर संघ मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि बीएमएस की प्राथमिकता हमेशा श्रमिकों के हितों की रक्षा करना रही है और आगे भी मजदूर हित को सर्वोपरि रखा जाएगा।उन्होंने कामगारों और कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी श्रमिक के साथ अन्याय या उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे धमकी,दबाव,अफवाह अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना 18 सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता सत्यापन में स्वतंत्र रूप से निर्णय लें।श्री सिंह ने क्षेत्र की माताओं,बहनों और कामगार भाइयों से पूर्व की भांति इस वर्ष भी भारतीय मजदूर संघ को प्रथम स्थान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएमएस हमेशा श्रमिकों के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी उनके अधिकारों एवं हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।