• कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने उद्यमियों से संवाद कर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और मार्केट लिंकिंग करने के निर्देश

बैतूल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को एकलव्य विद्यालय शाहपुर में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्थानीय उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों, समस्याओं एवं संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर विशेष जोर दिया।

रिसॉर्ट एवं जिला मुख्यालय में रखे जाएं वुडन क्राफ्ट्स के आउटलेट

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने चोपना के वुडन क्राफ्ट्स के कलाकृतियों को विभिन्न रिसॉर्ट एवं जिला मुख्यालय में आउटलेट के माध्यम से प्रदर्शित एवं विक्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग हो सकेगी और कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा। उन्होंने वुडन क्राफ्ट्स के माध्यम से खिलौनों सहित अन्य आकर्षक उत्पाद तैयार करने तथा छोटे-छोटे सोविनियर बनाने के लिए भी प्रेरित किया, जिन्हें पर्यटक आसानी से खरीद सकें।

सीएसआर से वुडन क्राफ्ट्स के विस्तार का प्रोजेक्ट तैयार करें

उद्यमियों द्वारा वुडन क्राफ्ट्स का कार्य सीखने के इच्छुक लोगों के लिए स्टाइपेंड की आवश्यकता संबंधी आग्रह किया गया। इस पर कलेक्टर ने सीएसआर के तहत वुडन क्राफ्ट्स के विस्तार एवं प्रशिक्षण के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों को उत्पादन से मार्केटिंग तक मार्गदर्शन देने पर जोर

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना से लाभान्वित छोटे उद्यमियों से भी संवाद किया तथा उनके उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी उद्यमियों को सतपुड़ांचल समूह से निर्माण, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने के साथ बेहतर पैकेजिंग एवं प्रभावी मार्केट लिंकिंग के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएम विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को वुडन क्राफ्ट्स से जोड़ने के निर्देश

कलेक्टर ने पीएम विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों से संवाद करते हुए वुडन क्राफ्ट्स के कार्य में रुचि रखने वाले हितग्राहियों को इससे जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रशिक्षण, उत्पादन और बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएं।

सतपुड़ांचल समूह के उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग की सराहना

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सतपुड़ांचल समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता एवं आकर्षक पैकेजिंग की सराहना की। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी पहचान स्थापित करने के लिए निरंतर नवाचार और बेहतर मार्केटिंग पर जोर दिया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, जनपद सीईओ शाहपुर, सहायक प्रबंधक उद्योग श्री प्रवीण खोंसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *