- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार वार्डों में पहुंच रही नपा की टीम, पार्षद, सीएमओ, उपयंत्री के अलावा अन्य अधिकारियों ने किया वार्डो का पैदल भ्रमण, लोगों से जानी समस्याएं
सारनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार आम नागरिकों की सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रत्येक शुक्रवार वार्ड स्तर पर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत शुक्रवार 11 सितंबर को नगर पालिका परिषद सारनी की टीम वार्ड 7 व 8 में भ्रमण के लिए पैदल निकली। वार्डों में सफाई और नलों से कम प्रेशर में पानी आने जैसी समस्याएं आई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार वार्ड स्तर पर पहुंचकर समस्याओं का निराकरण किया जाना है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को पूरी टीम के साथ वार्ड 7 व 8 में पैदल पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। टीम मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे, राजस्व उप निरीक्षक, हितेश शाक्य, सहायक लेखाधिकारी ब्रजेश नागर, उपयंत्री रविंद्र वराठे, कमलेश पटेल के अलावा अन्य लोग शामिल थे। वार्ड 7 मंगल भवन से प्रारंभ भ्रमण कार्यक्रम वार्ड 8 आंगनबाड़ी केंद्र तक रहा। इस दौरान लोगों ने वार्ड में घास कटाई नहीं होने, पानी के नलों में कम प्रेशर आने की समस्या बताई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने तत्काल समस्या निराकरण के निर्देश दिए। आगामी शुक्रवार 18 सितंबर को वार्ड 9 एवं 11 में नगर पालिका की टीम भ्रमण कार्यक्रम करेगी। इस दौरान नगर पालिका की ओर से शिवम डेहरिया, आरएस सतवंशी, राजेश वागद्रे, प्रियंका उइके, कीर्ति सारवान, कलाचंद सिंदूर, सुनील सहारे, रंजीत डोंगरे, अमित नकवाल, प्रमोद हुरमाडे, रोशन बामने, योगेश पाटिल के अलावा अन्य नगर पालिका कर्मचारी उपस्थित थे।