बैतूल। जिले के घोडाडोगरी विकासखंड के एक निजी स्कूल में सुरक्षाकर्मी द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार के नेतृत्व मे भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस हृदय विदारक घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्यवाही करने का आग्रह किया। भाजपा प्रतिनिधियों ने कहा कि स्कूल जैसे सुरक्षित परिसर में इस प्रकार की घटना बेहद निंदनीय है और इससे अभिभावकों में भय का माहौल है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कर आरोपी के विरूद्व ठोस कार्यवाही की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। प्रतिनिधि मंडल में जिला महामंत्री कमलेश सिंह, कृष्णा गायकी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रम वैद्य, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष किशोर बरदे प्रमुख है।