भोपाल। राजधानी भोपाल में शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर राज्य वन शहीद स्मारक एवं चंदनपुरा नगर वन का लोकार्पण किया। शिवराज सिंह ने कहा, अब तक वनों की रक्षा करते हुए शहीद के परिवार को 10 लाख की सम्मान निधि दी जाती है। उस राशि को बढ़ाकर 25 लाख रुपए किया जाएगा।
पर्यटकों के यहां घूमने के लिए यहां खास तरह के इंतजाम किए गए हैं। नगर वन इसलिए भी खास है कि इसके चारों ओर करीब 12 फीट ऊंची जाली की फेंसिंग है। इससे यहां बाघ, भालू और अन्य वन्य प्राणी प्रवेश नहीं कर पाएंगे। यहां भ्रमण करने वाले सुरक्षित रहेंगे। नगर वन में करीब 300 प्रजातियों के पेड़-पौधे हैं। भीतर वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा।
डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि बारिश के बाद इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। यहां घूमने वालों को वाहन बाहर पार्क कर पैदल भ्रमण करना होगा। नगर वन के अंदर लोगों को जंगल जैसा एहसास होगा। लिंक रोड नंबर दो पर वन भवन में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री कुंवर विजय शाह, वन राज्य मंत्री राहुल लोधी मौजूद थे।
नगर वन में अब पर्यटकों के लिए क्या रहा खास
- वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक- नगर वन में भ्रमण के लिए लोगों को 50 रुपए के आसपास एंट्री फीस देना होगी।
- नियमित आने वालों के लिए मंथली पास के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। फीस कितनी होगी यह जल्द तय कर लिया जाएगा।
- यहां लोगों को पैदल भ्रमण करना होगा। भीतर दीमक और चीटियों की एक बड़ी कॉलोनी भी है।
- यहां विभिन्न प्रजातियों के पेड़ पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। स्कैन करके पेड़ के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
- नगर वन में बटरफ्लाई पार्क, पतझड़ वन समेत कई अन्य आकर्षक पार्क देखने को मिलेगा।
- नगर वन के भीतर छोटा तालाब भी है। यहां मछली और बतख पाली गई हैं।
- कई स्थानों पर लकड़ी से हट बनाई गई हैं। इन जगहों को पेड़ों की प्रजातियों के नाम दिए गए हैं।
चीता स्टेट बनेगा मध्यप्रदेश
शिवराज सिंह ने कहा, वर्दी और आहार भत्ता के लिए जो वन मंत्री ने कहा उसे भी स्वीकार करता हूं। वन के रख वाले मित्रों के साथ बैठक करूंगा। बैठक में महावत, वनरक्षक के साथ उनके एक-दो प्रतिनिधियों को बुलाकर सीएम हाउस में चर्चा करूंगा। जो समस्याएं होंगी उनका निराकरण करेंगे। शिवराज सिंह ने आगे कहा, मध्यप्रदेश में देश के 12.30% वन हमने बचा के रखे। हम टाइगर स्टेट हैं। तेंदुआ स्टेट लेपर्ड स्टेट भी हम ही हैं। घड़ियाल भी हम ही ने बचाए हैं। गिद्धों की रक्षा भी हमारे यहां हो रही है। और चीता स्टेट भी हम ही बना रहे हैं। वन और वन्य प्राणियों को बचाने वाले हम हैं। इसलिए मैं आपको बधाई देता हूं।
वन मंत्री ने की थी मांग
कार्यक्रम में वन मंत्री विजय शाह ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि हमारे परिवारों के जो सदस्य वन की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। साल 2008 में शहीदों के परिजनों को 5 लाख से राशि बढ़ाकर 10 लाख की थी। भगवान न करे आगे कोई शहीद हो। उस राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख करने की कृपा करें। वर्दी का भत्ता ढाई हजार से बढ़ाकर 5 हजार किया जाए। जंगल में रहने वाले भाइयों को पौष्टिक आहार के लिए एक हजार रुपए मिलते हैं। इसे भी बढ़ाया जाए’।
पॉलिथिन फ्री जोन
नगर वन में पॉलिथिन ले जाना वर्जित होगा। यहां गेट पर निर्धारित शुल्क जमा करके कपड़े का बैग मिलेगा। वापस आने पर इस बैग को वापस गेट पर लौटाकर राशि वापस ली जा सकेगी। नगर वन के भीतर आगंतुकों को पैदल जाना होगा। बाद में यहां साइकिल उपलब्ध करवाई जा सकती हैं।
+ There are no comments
Add yours