भीषण गर्मी में मानव सेवा की मिसाल, रेलवे स्टेशन पर जारी निःशुल्क जल सेवा अभियान

Estimated read time 0 min read

सारनी। भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए गायत्री परिवार एवं नगरवासियों के सहयोग से सोशल ग्रुप घोड़ाडोंगरी द्वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 2 पर ग्रीष्मकालीन निःशुल्क जल सेवा अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक डॉ. मनोज पाटनकर ने बताया कि जब तेज गर्मी में लोग घरों से बाहर निकलने से बचते हैं, तब ग्रुप के दर्जनों कार्यकर्ता, महिलाएं एवं बच्चे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों को स्नेहपूर्वक शीतल जल उपलब्ध करा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ता ट्रेन से नीचे उतरे बिना ही डिब्बों की खिड़कियों से उनकी बोतलों में पानी भरते हैं, जिससे यह सेवा और भी सराहनीय एवं प्रेरणादायी बन गई है।

संगठन के पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता हाथों में शीतल जल के कैंपर और बोतलें लिए कोचों की ओर दौड़ पड़ते हैं। “ठंडा पानी, ठंडा जल, फ्री सेवा, फ्री सेवा” के उद्घोष से पूरा प्लेटफॉर्म गुंजायमान हो उठता है, जो तपती गर्मी में सफर कर रहे यात्रियों के लिए किसी सुकून भरे संदेश की तरह महसूस होता है।

यह सेवा भाव केवल पानी वितरण तक सीमित नहीं है। कार्यकर्ता अत्यंत अपनत्व और मनुहार के साथ बुजुर्गों, बच्चों एवं महिला यात्रियों को जल ग्रहण करने का आग्रह करते हैं। निस्वार्थ सेवा के इस दृश्य को देखकर कई यात्री भावुक होकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते नजर आते हैं।

सभी संयोजक और कार्यकर्ता निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचकर पानी की गुणवत्ता और उसकी शीतलता सुनिश्चित करते हैं, जिसके लिए पर्याप्त मात्रा में बर्फ की व्यवस्था भी की जाती है। सेवा का उत्साह इस कदर व्याप्त है कि हर जल सेवक का एकमात्र लक्ष्य स्टेशन से गुजरने वाले प्रत्येक यात्री की प्यास बुझाना है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रेनों में पानी की कमी और स्टेशनों पर बोतलबंद पानी की ऊंची कीमतों के बीच सोशल ग्रुप की यह निःशुल्क पहल मानवता की सच्ची मिसाल बनकर पूरे नगर में प्रशंसा का केंद्र बनी हुई है। रेलवे अधिकारियों द्वारा भी इस सेवा अभियान में रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

आज की जल सेवा में तंवर परिवार द्वारा स्वर्गीय सविता जी की स्मृति में 25 केन, समीक्षा एवं यश अग्रवाल की प्रथम विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सुरेश अग्रवाल (माया मेडिकल सारनी) परिवार द्वारा 11 केन, स्वर्गीय यतीश अग्रवाल की पुण्यतिथि पर यश काजू अग्रवाल परिवार द्वारा 10 केन तथा नियमित सेवा के तहत 5 केन उपलब्ध कराए गए हैं। आज कुल 51 केन जल सेवा के लिए समर्पित किए जाएंगे।

सेवा कार्य से जुड़े सदस्यों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे भी जलदान एवं वितरण सामग्री दान कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें और अधिक से अधिक पुण्य लाभ प्राप्त करें। सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “प्रभु सबका मंगल करें” संदेश के साथ अभियान निरंतर जारी है।

इस वृहद सेवा कार्य को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने में मनोज पाटनकर, महादेव पांसे, वासुदेव नागले, बाबू तंवर, संतोष पाराशर, कज्जू अग्रवाल, जतिन आहूजा, योगेश पंवार, हेमंत साहू, अशोक मालवीय, खेमराज पंवार, अनुराग अग्रवाल, संतोष सोनी, राहुल अग्रवाल, मुन्ना भैया, यश अग्रवाल, अम्मू साहू, अमन बाबू सपड़ा एवं निखिल मखीजा सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours