- रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा किए जाएंगे फार्म

चिचोली। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिले की नगर पालिका परिषद सारनी, नगर परिषद चिचोली एवं आठनेर नगरीय निकायों के आम निर्वाचन-2022 का निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इन नगरीय निकायों में मतदान 27 सितम्बर को और मतगणना 30 सितम्बर को होगी। मतदान ईव्हीएम से होगा। संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। रिटर्निंग ऑफिसर चिचोली नरेश सिंह राजपूत से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने का कार्य आज सोमवार को सुबह 10.30 बजे से प्रारम्भ किया गया है। नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 12 सितम्बर (दोपहर 3 बजे तक) है। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा 13 सितम्बर को की जायेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 15 सितम्बर है। इसी दिन अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जायेगा। मतदान 27 सितम्बर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 30 सितम्बर को सुबह 9 बजे से होगी।
श्री राजपूत ने बताया कि, नगर परिषद चिचोली में 15 वार्ड एवं 15 मतदान केन्द्र हैं। नगरीय क्षेत्र में कुल 7123 मतदाता हैं। कुल 15 वार्डों के लिए 2 सेक्टर बनाए गए हैं इसके साथ ही दो सेक्टर ऑफिसर भी नियुक्त किए गए हैं जिनमें पवन सुत गुप्ता एसडीओ पीएचई एवं संत कुमार सिरसाम सहायक यंत्री शामिल है। रिटर्निंग ऑफिसर चिचोली द्वारा सभी नागरिकों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने एवं सभी से निर्भीक होकर निष्पक्ष मतदान करने की अपील की गई है
मतदान केंद्र पर साफ सफाई एवं हटाए गए बैनर
सीएमओ सैयद आरिफ हुसैन ने बताया कि नगरीय चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए चिचोली नगर के 15 मतदान केंद्रों की साफ-सफाई कर समुचित व्यवस्था बनाई जा रही है इसके साथ ही संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत नगर के चौक चौराहे पर लगे बैनर पोस्टरों को भी हटाया गया है।
+ There are no comments
Add yours