- नवरात्र की पंचमी पर बेटियों को सशक्त सुरक्षा बैंक का उपहार
बैतूल। जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं के लिए नि:शुल्क एवं अत्यधिक कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए अब ग्रामीण अंचलों में भी बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के सेवा प्रकल्प सशक्त सुरक्षा बैंक को अपनाया जा रहा है। नवरात्रि के अवसर पर समाजसेवी कल्पना तरूड़कर ने जिला मुख्यालय की समीपस्थ ग्राम पंचायत कढ़ाई में सशक्त सुरक्षा बैंक की शाखा अपने सौजन्य से प्रारंभ की। इस अवसर पर पाढर चौकी प्रभारी मोहित दुबे, समाजसेवी अर्चना तिवारी एवं समिति अध्यक्ष एवं सशक्त सुरक्षा बैंक की संस्थापक गौरी पदम के अलावा कढ़ाई शाखा की संयोजक फूलमत ढोबारे मौजूद थी।
चौकी प्रभारी ने महिला अपराधों के प्रति किया जागरूक
पाढर चौकी प्रभारी मोहित दुबे ने किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को ग्राम पंचायत कढ़ाई में आयोजित सशक्त सुरक्षा बैंक शुभारंभ कार्यक्रम में महिला अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवतियों को आत्मरक्षा के गुर सीखने एवं मुश्किल हालात में तत्काल डॉयल-100 पर कॉल करने के लिए भी प्रेरित किया। श्री दुबे ने किशोरियों को ऑनलाईन स्टडी के दौरान सावधानी रखने के लिए कहा। साथ ही सायबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के सचिव भारत पदम ने श्री दुबे को कोरोना योद्धा सम्मान देकर सम्मानित भी किया।
पीढिय़ों से चली आ रही रूढिय़ों का करे विरोध
सशक्त सुरक्षा बैंक की संस्थापक गौरी पदम ने मासिक धर्म के दिनों में पीढिय़ों से चली आ रही रूढिय़ों का विरोध करने चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन दिनों में महिलाओं के साथ अछूत जैसा व्यवहार होता है, उन्हें जमीन पर सोना पड़ता है और घर के अंदर भी चीजों को छूने की मनाही होती है। समय के साथ-साथ बदलाव जरूरी है। समाजसेवी कल्पना तरूड़कर ने बताया कि नवरात्रि में लोग कन्या भोज कराते है। अलग-अलग आयोजन करते है, लेकिन उन्होंने सशक्त सुरक्षा बंैक से प्रेरित होकर गांव की महिलाओं एवं बेटियों की शारीरिक सुरक्षा के लिए यह उपहार देने की छोटा सा प्रयास किया है। उन्होंने बैंक की ग्रामीण शाखा से सेनेटरी पैड खरीदने और इसके बैंक के खातेदार बनने के लिए भी अपील की। श्रीमती अर्चना तिवारी ने किशोरियों को खानपान का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। कढ़ाई शाखा की संयोजक फूलमत ढोबारे ने सहर्ष जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि अब गांव की बेटियों को आसानी से किसी भी वक्त सेनेटरी पैड मिल सकेगे।
+ There are no comments
Add yours