बैतूल। 9 दिन पहले बैतूल के सदर इलाके में हुई एटीएम कटिंग की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो फरार हैं। वारदात को अंजाम देकर लौटते समय हादसे में दो चोरों की जान चली गई। सभी आरोपी हरियाणा के मेवात स्तिथ नूह जिले के रहने वाले हैं।
29 जनवरी की रात बैतूल के सदर इलाके में इटारसी रोड पर केनारा बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर 13 लाख 42 हजार रुपए की चोरी की गई थी। दो गाड़ियों में आए आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और वापस लौट गए। पुलिस ने एक वाहन के ड्राइवर शाहरुख को हरियाणा से गिरफ्तार किया। उसके पास से कार और गैस कटर बरामद किया।

ऐसे खुला राज
पड़ताल में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पाया कि घटना वाली रात सफेद रंग की कार MH31FA2111 एटीएम के पास रुकी थी। इसी कार से आए बदमाशों ने एटीएम मशीन को गैस कटर से काटा और रुपए लेकर फरार हो गए। कार के बारे में जानकारी जुटाने के लिए बैतूल-भोपाल हाईवे पर ढाबों के साथ बुदनी टोल और औबेदुल्लागंज टोल के कैमरे भी देखे गए। इस दौरान पता चला कि घटना में उपयोग कार के नंबर MH31FA2111 को वारदात के बाद बदल दिया गया है।
उन्होंने RJ45CK9110 और HR28K7602 का उपयोग किया है। इस बात की पुष्टि बुदनी टोल के फुटेज से हुई। यह कार कोटा टोल (राजस्थान), सिकदरा टोल (अलवर राजस्थान), महुआखुर्द टोल (अलवर राजस्थान) से गुजरना पाया गया। इस प्रकार से पुलिस आरोपी के गांव नूह, हरियाणा पहुंची।
पानी की बोतल से भी लगा सुराग
जांच में पता चला कि आरोपियों ने लूट के बाद बैतूल के बाहर श्याम ढाबे पर खाना खाया और पानी की बोतल खरीदी थी। बोतल के पानी का उपयोग बदमाशों ने एटीएम कटिंग के दौरान गैस कटर की आग को बुझाने के लिए उपयोग किया था। ढाबे के फुटेज खंगालने पर कार HR38Y9159 का पता चला। यह कार शाहरुख खान पिता याकुब खान निवासी नुह हरियाणा की निकली। इस पर एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को कपड़ लिया। पुलिस ने कार HR38Y9159 और कार में रखे गैस कटर, नंबर प्लेट सहित अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है।
शाहरुख ने बताया कि घटना में उसके दोस्त जुनैद, तौफिक, निशार एवं जाहुल सभी निवासी नुह हरियाणा भी घटना में शामिल थे। वारदात में उपयोग कार HR28K7602 काे तलाशा गया तो पता चला कि कार का फिरोजपुर झिरका के पास हादसा हुआ था, जिसमें जुनैद और तौफिक की मौत हो गई थी। आरोपी निशार और जहुल दोनों निवासी नुह हरियाणा की तलाश की जा रही है।
+ There are no comments
Add yours