- मृतकों में एक महिला और नाबालिग की, 10 घायल; बैतूल-खंडवा रोड पर हादसा


बैतूल। बैतूल-खंडवा मार्ग पर चिचोली थाना क्षेत्र के महुपानी मोड़ के पास बुधवार को बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन पलट गई। इस हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। यह बारात खंडवा जिले के पिपलोद से बगडोना जा रही थी। दूल्हा राहुल एक अन्य वाहन में सवार था, जबकि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में बाराती बैठे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महुपानी मोड़ पर तेज रफ्तार के दौरान सामने से एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने पिकअप को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय भूरी बाई और आठ वर्षीय मयूर के रूप में हुई है। भूरी बाई के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों में मीणा गोसाई (21), संजना मधु (17), मीणा राजू (20), अनिल सुभाष (22), समीर संजू (20), मनीषा (20), सपना (33) और 3 वर्षीय रश्मि सहित दो अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बताया गया है कि दूल्हा राहुल आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने का काम करता है। इस हादसे के कारण विवाह समारोह में फिलहाल बाधा आ गई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रही है।
+ There are no comments
Add yours