- कोविड केयर केन्द्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध रहें
- बाहरी स्थानों से आने वाले लोगों की सघन जांच कर क्वारेंटाइन कराया जाए
बैतूल। नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत जिले के सभी कोविड केयर केन्द्रों पर बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। यहां भोजन व्यवस्था अच्छी हो। प्रसाधन साफ-सुथरे हों। इन केन्द्रों पर प्रकाश एवं हवा के अच्छे इंतजाम हों। उन्होंने कहा कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों पर अन्य स्थानों से प्रवेश करने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की जाए एवं उन्हें निश्चित समयावधि तक क्वारेंटाइन कराया जाए। जिले में अन्य कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए समस्त प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अमला पूरी तरह सजग रहे। जिले में अभी तक कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किया गया प्रबंधन संतोषजनक है। श्री श्रीवास्तव शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विभागीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में कलेक्टर श्री राकेश सिंह, मुख्य वन संरक्षक श्री केके भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों की आवश्यक रूप से कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करवाई जाए एवं उनके सम्पर्क में आए लोगों को भी नियमानुसार क्वारेंटाइन करवाया जाए। कंटेन्मेंट क्षेत्रों में लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने बताया कि जिले के समस्त सीमावर्ती चेक पोस्ट पर जांच दल तैनात कर बाहर से आने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही उन्हें अनिवार्य रूप से क्वारेंटाइन कराया जा रहा है। बैतूल नगर में होम क्वारेंटाइन किए गए लोगों की जियो-टैगिंग के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना मास्क के भ्रमण कर रहे लोगों पर भी जिले में स्पॉट फाइन की सख्ती से कार्रवाई की गई है। इसके अलावा लॉकडाउन के प्रभावी पालन के लिए भी पुलिस प्रशासन के अधिकारी सतत् सजगता से काम कर रहे हैं। जो लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई भी की जा रही है। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अभी तक लिए गए सेम्पल, पॉजिटिव मरीजों की स्थिति, उनके उपचार की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी।
अधीनस्थ दफ्तरों का सतत् निरीक्षण हो- अन्य विभागों की समीक्षा
बैठक में आयुक्त श्री श्रीवास्तव ने अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि समस्त विभाग जिला प्रमुख अपने अधीनस्थ कार्यालयों का सतत् निरीक्षण करें एवं वहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। कोई भी कर्मचारी यदि अनियमितता करते हुए पाया जाता है तो उसके विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारी से जिले में वर्षा की स्थिति एवं बांधों में पानी के संग्रहण के संबंध में जानकारी ली। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन से जिले के अस्पतालों में कोविड से हटकर अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर पूछताछ की। उन्होंने अस्पतालों में कार्यरत एक्स-रे, ईसीजी जैसी मशीनों की स्थिति एवं मरीजों को दी जाने वाली उपचार सुविधाओं की जानकारी भी ली। उप संचालक कृषि से जिले में खरीफ सीजन में अभी तक हुई बुआई की स्थिति पर चर्चा करते हुए उर्वरक की उपलब्धता पर भी चर्चा की। साथ ही कहा कि आगामी रबी सीजन में पर्याप्त उर्वरक की उपलब्धता के लिए अभी से तैयारी की जाए। आपूर्ति विभाग से राशन वितरण के संबंध में जानकारी ली गई एवं कहा कि पात्र लोगों तक राशन वितरण की उपलब्धता में कोई दिक्कत न आए। जिला परिवहन अधिकारी को उनके कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि कार्यों के लिए आने वाले लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी से विद्युत बिल बकाया की राशि वसूली की स्थिति के संबंध में भी आयुक्त ने चर्चा की। आदिवासी विकास विभाग के छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं पर भी समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास निरंतर मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर विभागीय व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्थाओं पर सतत् निगरानी रखते हुए कहा गया कि पेयजल संबंधित समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाए।
हमलापुर स्थिति कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण
संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री सिंह द्वारा नगर के हमलापुर स्थित कोविड केयर सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान आयुक्त ने यहां भोजन एवं नाश्ता की उपलब्धता, सेनेटाइजेशन व्यवस्था, मरीजों के डिस्चार्ज की स्थिति, बाथरूम की स्वच्छता पर जानकारी ली। यहां मौजूद प्रभारी चिकित्सा डॉ. रजनीश शर्मा द्वारा केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में आयुक्त को जानकारी उपलब्ध कराई गई। आयुक्त द्वारा कोविड केयर सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप धाकड़ एवं सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा भी उपस्थित थे।
+ There are no comments
Add yours