नगर पालिका उपाध्यक्ष भीम बहादुर थापा के प्रयासों से शुरू हुई योजना, 580 हितग्राहियों की सूची राशन दुकानों पर पहुंची
सारनी। प्रदेश में लॉक डाउन के दौरान जिन लोगों के फूड कूपन नहीं जानी हुए हैं उन्हें राशन देने की घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। मगर, जिला प्रशासन की ओर से अभी तक उन्हें ही राशन दिया जा रहा था जिनके पास कूपन थे। इसके बाद नगर पालिका के उपाध्यक्ष भीम बहादुर थापा ने जिला प्रशासन को इसकी शिकायत की। शिकायत के बाद शुक्रवार को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कृष्ण कुमार तेकाम सारनी पहुंचे। उन्होंने राशन दुकानों से विभिन्न जानकारियां ली। इसके बाद गरीबी रेखा में शामिल ऐसे 580 परिवारों की सूची तैयार कराई जिनके पास फूड कूपन नहीं थे। उक्त सूची राशन दुकानों में पहुंचा दी गई है। वार्डवार सूची पहुंचने के बाद शनिवार से राशन मिलना शुरू हो जाएगा। श्री थापा ने बताया मुख्यमंत्री ने सभी परिवारों को तीन महीने का राशन देने की घोषणा की थी। इसके तहत चार किलो गेहूं, एक किलो चावल सदस्यवार मिलेगा। गरीबी रेखा में शामिल ऐसे परिवार जिनके पास फूड कूपन नहीं हैं वे अपने वार्ड या क्षेत्र की उचित मूल्य दुकान में संपर्क कर राशन प्राप्त कर सकते हैं। श्री थापा ने बताया नगर पालिका के माध्यम से उक्त सूची पार्षदों तक पहुंचा दी गई है। उन्होंने कहा राशन के लिए जरा भी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए राशन प्राप्त करें। शनिवार से आगामी आदेश तक उक्त राशन प्राप्त होगा।
+ There are no comments
Add yours