नई दिल्ली. देश में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण से बने हालात और स्वास्थ्य सेवाओं संबंधी मामलों पर शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सभी राज्यों के हेल्थ मिनिस्टर से बातचीत की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये की गई बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि देश में लॉकडाउन को बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी मुख्यमंत्रियों से बातचीत करके एक या दो दिन में अंतिम निर्णय ले लेंगे.
डॉ. हर्षवर्धन ने इस दौरान सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रदेश में 100 फीसदी लॉकडाउन सुनिश्चित करें.उन्होंने कहा कि अगर हम इसमें पीछे रहे तो कोविड 19 से जंग लड़ना कठिन हो जाएगा.
डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा, ‘कोरोना वायरस संक्रमण के कारण रक्तदान में कमी आई है. हमने निर्णय लिया है कि रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जहां-जहां संभव हो रक्तदान करने वालों से ब्लड हम उनके घर पर लें या उनको घर से सुविधा प्रदान करके उनको बुलाकर रक्तदान करने के लिए प्रेरित करें.’
शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में कम्युनिटी प्रसार जैसी स्थिति बिलकुल नहीं हैं. उन्होंने कहा कि मेडिकल उपकरणों के आयात पर कस्टम ड्यूटी खत्म की जाए. देश में निर्मित हो रही दवाओं और उपकरणों पर टैक्स खत्म किया जाए. लंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ‘1000 वेंटीलेटर्स देने का वादा जल्दी पूरा किया जाए. प्रदेश में 8500 लोगों के टेस्ट किए गए हैं. 471 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है. इनमें 85% मरकज के लोग हैं. 45 लोग डिस्चार्ज हुए हैं. 12 लोगों की मौत हुई है. 424 एक्टिव मरीज हैं. तेलंगाना में 50 हजार मरीजों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है. एनआरएचएम योजना के तहत 182 करोड़ रुपये देने के लिए धन्यवाद.
+ There are no comments
Add yours