सुबह मोहल्ले की छोटी दुकानें, शाम को खुलेगी थोक किराना दुकानें

Estimated read time 1 min read

सांसद, विधायक, पूर्व विधायक ने की कलेक्टर एसपी से चर्चा
बैतूल।
कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए किए गए लॉक डाउन के दौरान जिले की व्यवस्था सुचारू करने गुरूवार को सांसद डीडी उईके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल और आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कलेक्टर राकेश सिंह और पुलिस अधीक्षक डीएस भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत एमएल त्यागी से सर्किट हाऊस में मिलकर चर्चा की।
इस दौरान तीनों जनप्रतिनिधियों ने जिले के वर्तमान हालात पर विस्तृत चर्चा की वही व्यवस्था में सुधार हेतू आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिस पर शीघ्र ही अमल किए जाने का आश्वासन दिया गया।
पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि सांसद डीडी उईके और आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के साथ सर्किट हाऊस में कलेक्टर एवं एसपी से चर्चा की। इस दौरान प्रशासन को सुझाव दिया है कि शहर में वार्डो, गलियों में स्थित छोटी किराना दुकानों को प्रतिदिन सुबह के समय कुछ समय दुकान खोलने की अनुमति देने वहीं थोक किराना बाजार भी निश्चित समय के लिए सभी दुकानदारों के लिए खोली जाए। श्री खंडेलवाल ने बताया कि इस बात पर सहमति बनी कि शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक शहर की सभी थोक किराना दुकाने खोली जाएगी। जिसमें कोई दुकानदार बाजार में नहीं आएगा। सिर्फ छोटे दुकानदार फोन पर आर्डर लेकर माल सप्लाई करेंगे। इसमें लगेज वाहन रात में ही शहर की किराना दुकानों के साथ ही जिले की किराना दुकानों में माल पहुंचाकर आ जाएंगे। इससे व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी। वहीं शहर के वार्डो में स्थित छोटी किराना दुकानों को सुबह के समय दो से ढाई घंटे खोलने की अनुमति देने के लिए कहा है। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक तीन वार्डो में एक नोडल अधिकारी बनाकर दुकाने चिन्हित की जाएगी जिन्हें शीघ्र ही अनुमति दी जाएगी।
किसानों को मिलेगी खेत जाने की अनुमति
इसके साथ ही किसानों को अपने निवास स्थान से खेत तक जाने की अनुमति दिए जाने की भी बात कही। जिसमें किसान को अपने निवास का प्रमाणित डाक्यूमेंट और खेत की बही साथ में रखना होगा। जिससे किसान अपने निवास से खेत तक आ जा सकते है। इससे कटाई का कार्य प्रभावित नहीं होगा। खेतों में कटाई करने वाले मजदूरों को भी आने-जाने की अनुमति देने की बात कही। वहीं अनाज के वाहनों को बिना परमिट आवागमन करने की अनुमति दिए जाने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने इन सुझावों पर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
एक स्थान पर मिलेगा भोजन
पूर्व विधायक श्री खंडेलवाल ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान शहर में कई स्वयंसेवी संस्थाएं जरूरतमंदों की मदद कर रही है। कोई भोजन पहुंचा रहा है तो कोई खाद्य सामग्री दे रहा है। इन सभी संस्थाओं के सहयोग से एक नियत स्थान पर व्यवस्था की जाएगी। जहां जरूरतमंद को सहायता, भोजन आदि मिल सके। सभी संगठन इस एक ही स्थान पर व्यवस्था करेगा वहीं शेष जरूरत का सामान प्रशासन की मदद से उपलब्ध करवाया जाएगा। संभवत: आज से ही यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

More From Author

+ There are no comments

Add yours