- कांग्रेस को मौका मिला तो मध्यप्रदेश को फिर बीमारू राज्य बना देगी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल दौरे पर हैं। PM जंबूरी मैदान में होने वाले भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित कर रहे हैं। 2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। मोदी तीसरी बार इसके मुख्य वक्ता होंगे। BJP का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में PM का 6 महीने में यह 7वां दौरा है। 14 सितंबर को वे सागर के बीना आए थे। यहां उन्होंने BPCL (भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला रखी थी। अगले महीने 5 अक्टूबर को भी PM का जबलपुर में दौरा प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री का भाषण अपडेट्स…
- यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।
- मेरे परिवारजनों, मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ के जमाने से लेकर आज तक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सकलेचा.. एमपी से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। इनका ताप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है।
- मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गइ है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।
- एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्यप्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन, कांग्रेस ने साधन – संपन्न मध्यप्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों…। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।
- युवाओं ने चारों तरफ से विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा है। शिक्षा के उभरत केंद्र के रूप में देखा है, इसीलिए आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं।
- हम अपने आसपास देख रहे हैं कि जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे कांग्रेस वहां सिर्फ बर्बादी लाई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर – 1 काम बना दिया। मध्यप्रदेश के विकास के लिए आने वाले कुछ साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। आज पूरी दुनिया से भारत में निवेश आ रहा है। अलग-अलग राज्यों में आ रहा है।
- यह समय भारत और मध्यप्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों – करोड़ों के घोटाले का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टिकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्यप्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा।
- मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्यप्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्यप्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न…। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?
अपडेट्स…
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। PM मोदी के हाथ हम भव्य और दिव्य भारत का सपना साकार होते हुए देखेंगे।’
- CM ने कहा, ‘कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। यह कलंक हमने मिटा दिया। डबल इंजन की सरकार ने MP को तेजी से आगे बढ़ाया है।’
- CM ने कहा, ’19 महीने के लिए कांग्रेस आई। कमलनाथ ने PM आवास के मकान लौटाकर गरीबों के मकान नहीं बनने दिए। PM जल – जीवन मिशन भी शुरू नहीं किया।’
- BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘आज मध्यप्रदेश गौरवांवित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के विकास और गरीबों के हित में काम हुए हैं।’
- जंबूरी मैदान में PM ओपन जीप में एंटर हुए। इसके लिए सभा स्थल पर रोड बनाई गई। ‘MP के मन में मोदी’ गाने से उनका स्वागत हुआ।
- जीप में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और BJP के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी PM के साथ रहे।
- प्रधानमंत्री सुबह 10.55 बजे राजाभोज एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए जंबूरी मैदान पहुंचे।
महाकुंभ के लिए 5 बडे़ डोम बनाए गए
बीजेपी के कार्यकर्ता महाकुंभ के कार्यक्रम स्थल पर पांच बडे़ वाटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं। पीएम के मंच के ठीक सामने बने डोम में करीब 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। स्टेज के सामने बने डोम के दोनों तरफ दो-दो डोम बनाए गए हैं। इनमें भी कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। पूरे सभास्थल को 42 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर में 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
+ There are no comments
Add yours