आगजनी पीड़ितों की सहायता के लिए हेमंत ने दिखाई दरियादिली

Estimated read time 1 min read
  • हर परिजनों को दिए नकद 10 हजार, 20 हजार और देंगे, सीएम से भी मिलेंगे दो लाख

बैतूल/भीमपुर। आदिवासी बाहुल्य भीमपुर विकासखंड के बरांडाना में तेज बांधी के बाद बीती शाम लगी भीषण आग से आदिवासी परिवार के करीब दो दर्जन घर आगजनी की भेंट चढ़ गए। इस आगजनी में घरेलू सामान सहित मवेशी भी चपेट में आए हैं। गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने के बाद लगी इस आग में पीड़ितों को मदद देने के लिए बीती रात से ही सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन रविवार को इसने गति पकड़ ली है। आदिवासी और गरीब परिवार के लिए कई सामाजिक, स्वंयसेवी, शासकीय संगठन मदद के लिए आगे आए हैं।
इस बीच भोपाल रवाना होने से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी बर्राढाना पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार के साथ परिजनों से मिलकर उनसे चर्चा की। खंडेलवाल ने प्रशासन के अधिकारियों से दी गईमदद के बारे में चर्चा कर उन्हें तुरंत आर्थिक सहयोग के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी 24 आदिवासी परिवारों को तत्कालिक सहायता के लिए 10 हजार नकद दिए। इसके अलावा 20 हजार रुपए उनके खाते में और डालने की बात कही है।
इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान प्रत्येक परिवार को 20-20 हजार की सहायता देंगे। हेमंत की दरियादिली यही खत्म नहीं हुई। उन्होंने पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ने के बाद बर्राढाना से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद सीएम ने भी प्रत्येक परिवार को शासन की ओर से दो लाख की सहायता देने की घोषणा की। इस सहायता से सबकुछ गया चुके आदिवासी परिवारों की गृहस्थी दोबारा बस जाएगी।
इसके पहले शनिवार रात को ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे से दूरभाष पर चर्चा कर पीड़ित परिवार की मदद के लिए कहा था। रात में ही कलेक्टर ने बर्राढाना पहुंचकर पीड़ित परिजनों से चर्चा की और उन्हें आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए। उनके निर्देश के बाद रात्रि विश्राम के लिए आगजनी पीड़ितों के लिए जगह दी गई। रविवार से मदद का सिलसिला शुरू हुआ।
इस आगजनी में करीब दो दर्जन परिवारनों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। करीब 108 आदिवासी परिवार के सामने संकट आने के बाद मदद का सिलसिला शुरू हुआ। क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और शासकीय संगठनों ने अनाज, कपड़े सहित अन्य व्यवस्थाओं का वितरण शुरू कर दिया। दामजीपुरा क्षेत्र से आरएसएस संगठन द्वारा 35 क्विंटल गेहूं, कपड़े, तेल, अनाज वितरित किया गया।
भीमपुर सचिव संगठन ने खाद्यान्न सामग्री, नमकीन, बिस्किट और आदिवासी परिवार के लिए कपड़ों की व्यवस्था की। जबकि मोहदा वन परिक्षेत्र अधिकारी और उनकी टीम ने प्रत्येक परिवार को आवश्यक कपड़े, पानी की बोतल रोजमर्रा की वस्तुओं के पैकेट बनाकर सभी 24 परिवार को दिए हैं। वन विभाग ने बीती रात को ही स्थाई कैंप लगाकर आगजनी के शिकार हुए परिवारों के रूकने की व्यवस्था की। इसके अलावा कई अन्य संगठन द्वारा भी पीड़ित परिजनों को मदद दी जा रही है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours