MP में अब गुलाबी ठंड का दौर

Estimated read time 1 min read
  • रात में 1 से 2 डिग्री लुढ़केगा पारा; 22-23 अक्टूबर को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस

भोपाल। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से पिछले तीन दिन तक मध्यप्रदेश का मौसम बदला रहा। ग्वालियर, चंबल, सागर संभाग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी चली और बारिश हुई। बुधवार से सिस्टम का असर कम होगा और रात के टेम्प्रेचर में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आएगी। इससे गुलाबी ठंड का अहसास होने लगेगा। हालांकि, 22-23 अक्टूबर को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे दिन-रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस पांडे ने बताया कि नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पंजाब के ऊपर एक्टिव होगा। इससे वहां बारिश हो सकती है। इस सिस्टम का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा। यहां बारिश तो नहीं होगी, लेकिन ठंड भी नहीं बढ़ेगी। पारे में मामूली गिरावट ही देखने को मिलेगी। अक्टूबर के आखिरी दिनों तक ठंड का ज्यादा असर नहीं रहेगा। नवंबर के पहले सप्ताह से ही रात का टेम्प्रेचर लुढ़केगा और ठंड बढ़ जाएगी।

मंगलवार को इन जिलों में हुई बारिश

मंगलवार को मौसम बदला सा रहा। नर्मदापुरम, नौगांव और मंडला में पानी गिरा। नर्मदापुरम में दिन में करीब आधा इंच पानी गिर गया। भोपाल में बादल छाए रहे। वहीं, शाजापुर, आगर, पचमढ़ी, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, सीहोर में भी धूप-छांव रही।

कई शहरों में दिन का तापमान लुढ़का

मंगलवार को कई शहरों में दिन का तापमान भी लुढ़क गया। भोपाल में 32.8 डिग्री, इंदौर में 33 डिग्री, जबलपुर में तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में पारा 29 डिग्री पहुंच गया। यहां एक ही दिन में 6.8 डिग्री पारा लुढ़क गया। सीधी में सबसे ज्यादा तापमान 35.4 डिग्री रहा।

अक्टूबर में तीनों मौसम का असर

  • अक्टूबर में तीनों मौसम का ट्रेंड है। इस बार भी ऐसा ही मौसम है। पहले पखवाड़े में भोपाल, ग्वालियर, दमोह, जबलपुर, उज्जैन समेत कई शहरों में अक्टूबर में ऐसी गर्मी पड़ी कि जैसे मार्च-अप्रैल का महीना हो। कई जिलों में पारा 37 डिग्री से ज्यादा ही रहा।
  • अक्टूबर के शुरुआती सप्ताह में गुलाबी ठंड का असर भी रहा। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव नहीं होने, राजस्थान से सूखी हवा के आने और धूप की तीव्रता 20% तक बढ़ने से गुलाबी ठंड का असर कम हो गया।
  • पिछले तीन दिन से बारिश और बादल छाए रहे। मंगलवार को भी नर्मदापुरम, मंडला और नौगांव में हल्की बारिश हुई। इस तरह अक्टूबर में बारिश का ट्रेंड भी बरकरार रहा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours