किसान संवाद के माध्यम से किसानों को दें फसल चयन की जानकारी
किसान संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से भी लिए सुझाव

बैतूल। जिले में इस वर्ष कम वर्षा को देखते हुए किसानों को पानी की उपलब्धता के आधार पर ही फसल लेने के लिए जागरूक किया जाए। अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में रहकर किसानों से सतत संवाद करें तथा किसान संवाद के माध्यम से कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एपीसी बैठक में दिए।

बैठक में किसान संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को ऐसी फसलों के चयन के लिए प्रेरित किया जाए, जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है। कृषकों से गेहूं की अपेक्षा चना, सरसों, मसूर, अलसी सहित कम वर्षा में उपयुक्त फसलों की बुवाई को प्राथमिकता के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी एवं मैदानी अमला गांव-गांव पहुंचकर किसानों से संवाद करें और उपलब्ध जल संसाधनों के आधार पर फसल योजना तैयार करने में किसानों का मार्गदर्शन करें।

उन्होंने एसीडीओ कृषि को नियमित रूप से फील्ड में रहकर किसानों से संवाद करने तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। साथ ही डीडीए कृषि को ब्लाक स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों का रोस्टर तैयार कर फील्ड भ्रमण सुनिश्चित करने तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण की ली जानकारी

उन्होंने जिले में उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आवश्यकता के समय पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो तथा वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या न आए। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा में विशेष ग्राम सभाओं एवं किसान संवाद बैठकों में किसानों को कम वर्षा की स्थिति में फसल चयन, उपलब्ध जल के समुचित उपयोग, सिंचाई प्रबंधन एवं कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जाए। इस दौरान उन्होंने पशु विभाग,  हॉर्टिकल्चर, रेशम विभाग  की भी समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *