- पीएम मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का भव्य आयोजन
बैतूल। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादूर शास्त्री स्टेडियम में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की पांचो विधानसभा बैतूल, आमला, मुलताई, घोडाडोंगरी और भैसदेही से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, हितग्राही, विशिष्टजन, आमजन एवं मातृशक्ति शामिल हुए। भारत माता , श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं.दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्रो के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर पूजनकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
एलईडी पर हुआ नीतिन नवीन व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाचन का सीधा प्रसारण
सुबह 10 बजे दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का जिला मुख्यालय स्थित आयोजन स्थल पर विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की चर्चा की। उन्होंने अपनी सार्वजनिक यात्रा का श्रेय देश की जनता को देते हुए राष्ट्र प्रथम के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वे “न रुकेंगे, न थकेंगे और न पथ से डिगेंगे।” उन्होंने वी वील डू ईट का संदेश देते हुए कहा कि अनेक अवसरों पर जो कार्य असंभव प्रतीत होते थे, उन्हें देश ने सामूहिक प्रयासों से संभव करके दिखाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सेवा संकल्प की शपथ
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। इसके पश्चात केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके एवं श्री खंडेलवाल ने अतिथियों के साथ सेवा संकल्प ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद सेवा ज्योति रथ के साथ सेवा ज्योति संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा आयोजन स्थल से प्रारंभ होकर शहर के अंबेडकर चौक पहुंची इसके पश्चात पांचो विधानसभाओं के प्रभारी एवं कार्यकर्ता सेवा संकल्प ज्योति लेकर अपनी-अपनी विधानसभा के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार , विधायक चंद्रशेखर देशमुख, महेन्द्रसिंह चौहान, डा.योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जनजाती आयोग के सदस्य मंगलसिंग धुर्वे, नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी मुख्य रूप से मौजूद रहें। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने अंत में आभार कार्यक्रम प्रभारी अतीत पंवार द्वारा किया गया।