• गांधीजी के स्वच्छता का सपना हर नागरिक के योगदान से हो रहा साकार : विधायक श्री खंडेलवाल
  • जनप्रतिनिधियों ने सीमेंट रोड कोठी बाजार में श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश

बैतूल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर गांधी चौक कोठी बाजार में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, नगरपालिका परिषद बैतूल की अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर, पार्षदगण सहित कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नवनीत पांडे मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। तत्पश्चात प्लास्टिक मुक्त बैतूल संदेश की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अतिथियों ने कोठी बाजार सीमेंट रोड पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री उइके ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का जीवन हमें सादगी, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान ने देश में जन आंदोलन का रूप ले लिया है। स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है। जब प्रत्येक घर, गली, मोहल्ला और शहर साफ-सुथरा होगा तभी स्वस्थ समाज और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर इसमें अपना योगदान दे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप मिला और गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए पहली बार बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ में झाड़ू लेकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने कहा कि गांधीजी के स्वच्छता के सपने को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *