बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर बैतूल के कोठी बाजार स्थित गांधी चौक पर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। जिसके पश्चात स्वच्छता अभियान में शामिल होकर स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया एवं उपस्थितजनों के साथ स्वच्छता की शपथ ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ, सशक्त और सभ्य समाज की आधारशिला माना था। महात्मा गांधी जी का स्पष्ट संदेश था कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उनके इसी विचार को आत्मसात करते हुए आज देशभर में स्वच्छता को जन-अभियान का स्वरूप मिला है। अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, यही महात्मा गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत बैतूल नगर के विभिन्न वार्डों में क्लस्टर बैठकों के माध्यम से वार्डवासियों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छता को बनाया जनभागीदारी का अभियान
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद महात्मा गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के माध्यम से जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता, शौचालय निर्माण, खुले में शौच से मुक्ति, कचरा प्रबंधन तथा नागरिक सहभागिता जैसे प्रयासों को देशभर में व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया गया। प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर स्वच्छता आज केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन की जिम्मेदारी और जनभागीदारी का अभियान बन चुकी है।
स्वच्छता प्रहरियों का किया सम्मान, दिलाई स्वच्छता की शपथ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में जन-जन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आव्हान किया। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र बैतूल में स्वच्छता की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान किया तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। उन्होेंने कहा कि स्वच्छ शहर और स्वच्छ समाज केवल स्वच्छता प्रहरियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से बनता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता करें।
जनविश्वास, जनसंवाद और जनभागीदारी से बदलेगा बैतूल का स्वरूप
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत किराड़ समाज मंगल भवन, भगत सिंह वार्ड, विश्वकर्मा मंगल भवन, जवाहर वार्ड एवं इंटरनेशनल स्कूल, विनोबा वार्ड में आयोजित क्लस्टर बैठकों में नगर में जारी विकास एवं निर्माण कार्यों की जानकारी लेने के साथ नागरिकों के सुझाव सुनीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनविश्वास, जनसंवाद और जनभागीदारी ही विकास की आधारशिला है। हमारा प्रयास है कि बैतूल का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों का जीवन अधिक सुविधाजनक और बेहतर बने। जनभागीदारी और आपसी संवाद के माध्यम से बैतूल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त नगर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने चार क्लस्टरों में 16 वार्डों के नागरिकों से संवाद किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि बैतूल नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास एवं निर्माण कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। नगर के विकास को गति देने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास कार्यों का सीधा लाभ नागरिकों को मिले और उनके दैनिक जीवन की सुविधाएं बेहतर हों। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि बैतूल को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक नगर बनाने में नागरिक भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। नागरिकों के सुझाव, सहयोग और सहभागिता से ही नगर विकास को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर बैतूल नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री विक्रम वैद्य, गंज मंडल अध्यक्ष श्री विकास मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि श्री अजय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *