- कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
बैतूल। कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आठनेर तहसील अंतर्गत ग्राम जामठी के ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, स्कूल की मरम्मत में टीएस निकालने के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने की समस्या बताई। ग्रामीणों की समस्या ध्यान पूर्वक सुन कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को स्वयं जांच कर 7 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सोशल ऑडिट से प्रकरण की जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम हिवरखेड़ में पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री गणेश जायसवाल ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर हटाने के निर्देश
जनसुनवाई में शाहपुर के वार्ड वासियों ने गणेश मूर्ति स्थापना स्थल से अवैध अतिक्रमण और पार्किंग हटाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम और सीएमओ शाहपुर को जांच कर अतिक्रमण पाए जाने पर शीघ्र हटाने की करवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेमराज यादव द्वारा शासकीय रास्ता खुलवाने के आवेदन पर शाहपुर तहसीलदार ग्रामीण को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आमला तहसील के ग्राम नरेरा निवासी रामनाथ यादव द्वारा नक्शा दुरुस्ती के आवेदन पर कलेक्टर ने आमला एसडीएम को तत्काल आवेदक की समस्या के निराकरण के सख्त निर्देश दिए। आमला निवासी विजया द्वारा जमीन संबंधी विवाद का निराकरण करने के आवेदन पर कलेक्टर ने डीएफओ साउथ और मुलताई एसडीएम को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम डोबरीढाना में वीरेंद्र मर्सकोले ने आंगनबाड़ी के निरीक्षण और बाउंड्री वॉल निर्माण के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत सीईओ को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम साईखेड़ा खुर्द निवासी उमेश घोड़की ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत केस पास किए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ प्रभात पट्टन को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।