• ऑल इंडिया स्तर पर अनारक्षित वर्ग की 2 सीटों में से एक पर किया चयन हासिल

बैतूल। शासकीय आईटीआई बैतूल के वर्ष 2022 बैच के छात्र मोहित पवार ने अपनी मेहनत से संस्थान एवं जिले का नाम रोशन किया है। मोहित पवार का चयन भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन आर्टिलरी स्टेटिक वर्कशॉप देवलाली कैंप, नासिक में हुआ है। मोहित ने स्कूली शिक्षा के बाद शासकीय आईटीआई बैतूल से मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड में दो वर्षीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी। निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर मोहित ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स तथा बीआरओ (जीआरईएफ)  की कठिन चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की। ऑल इंडिया स्तर पर अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित महज दो पदों में से एक पद पर मोहित ने चयन हासिल किया। अपनी सफलता का श्रेय मोहित ने अपने माता-पिता के साथ शासकीय आईटीआई बैतूल के शिक्षकों एवं विशेष रूप से अपने प्रशिक्षण अधिकारी श्री नवीन मालवीय के मार्गदर्शन को दिया है। शासकीय आईटीआई बैतूल परिवार ने मोहित पवार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *