12 से 14 वर्ष तक के बच्चों का कोविड टीकाकरण प्रारंभ, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे ने किया शुभारंभ

Estimated read time 1 min read

बैतूल। विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे द्वारा 23 मार्च बुधवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल में 12 से 14 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों के कोविड टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विधायक डॉ. पंडाग्रे द्वारा टीकाकरण दल से वैक्सीन के संबंध में जानकारी ली गई एवं 12 से 14 आयु वर्ग के सभी बच्चों को नि:शुल्क टीकाकरण का लाभ लेने हेतु अपील भी की गई। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुये उक्त आयु वर्ग के अन्य बच्चों को टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया।
टीकाकरण अभियान में सर्वप्रथम विद्या संस्कार वैली पब्लिक स्कूल के कक्षा नवमीं के छात्र अभय पिता श्री नामदेव देशमुख निवासी ताप्ती नगर बडोरा ने कोर्बेवैक्स का टीका जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में लगवाया। इसके पश्चात कु. सारा पिता श्री अतीक खान, निवासी आजाद वार्ड बैतूल, कु. कशक दवंडे पिता श्री दीपक दवंडे, कुमारी आयशा अली पिता श्री सैय्यद अली, कुमारी अक्षरा पिता श्री प्रभात मिश्रा, धनंजय पिता श्री प्रदीप कुमार साहू, कुमारी मंजरी पिता श्री सत्यव्रत शुक्ला द्वारा उत्साह के साथ टीका लगवाया गया एवं अपने अन्य सहपाठियों को यह संदेश दिया गया कि अतिशीघ्र कोरोना बीमारी से बचाव हेतु टीका लगवायें एवं कोरोना से सम्पूर्ण सुरक्षा पायें।
सीएमएचओ डॉ. ए. के. तिवारी ने बताया कि 12 से 14 साल तक के बच्चों को कोरोना से सुरक्षा के लिये कोर्बेवैक्स का टीका निर्धारित टीकाकरण केन्द्रों एवं विद्यालयों में लगाया जा रहा है। इस वैक्सीन के 28 दिन के अंतराल पर 2 डोज देने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण अभियान के दौरान गर्मी के मौसम को देखते हुये बच्चों के वैक्सीनेशन के पूर्व प्रत्येक केन्द्र पर बच्चों के लिये ओआरएस घोल की सुविधा उपलब्ध है। वर्ष 2008 एवं 2009 में जन्मे समस्त बालक बालिकाएं कोविड-19 टीकाकरण हेतु पात्र होंगे। वर्ष 2010 में जन्मे केवल वह बालक बालिकाएं कोविड-19 टीकाकरण हेतु पात्र होंगे जिन्होंने 12 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है।
12 से 14 आयुवर्ग के बालक बालिकाओं के टीकाकरण हेतु पंजीयन प्रक्रिया कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध है, साथ ही ऑन साइड पंजीयन (वॉक इन) की सुविधा भी सत्र स्थल पर रहेगी। निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों एवं विद्यालयीन स्टाफ  से अपेक्षा है कि बच्चों को टीका बांह के ऊपरी हिस्से में लगाया जाना है अत: सहूलियत के अनुसार कपड़े पहनकर आने एवं नाश्ता ग्रहण कर ही विद्यालय आने हेतु प्रेरित करें।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस के चेयरमेन डॉ. अरूण जयसिंहपुरे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार भट्ट, संस्था प्राचार्य श्री जी.बी. पाटनकर, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती श्रुति गौर तोमर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. विनोद शाक्य सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी तथा शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours