हाल ही में बाहर से यात्रा करके आए नागरिकों के लिये स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Estimated read time 1 min read

बैतूल। स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में बाहर से यात्रा करके आए नागरिकों के लिये एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि यदि आप हाल में बाहर से यात्रा करके आए हैं तो 14 दिनों के लिए घर से न निकलें, (14 दिनों के लिए) होम क्वारेंटाइन अवश्य करें।
एडवाइजरी में कहा गया है कि –
यथा संभव अकेले रहें, अन्यथा परिवार के अन्य सदस्यों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाये रखें। घर पर अलग कमरे में 14 दिवस तक 6 फिट की दूरी बनाकर रहें एवं फेस मास्क का उपयोग करें।
बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और कम रोग प्रतिरोधी क्षमता वाले व्यक्तियों से दूर रहें।
घर के अंदर कम से कम विचरण करें।
घर से बाहर कतई न जायें। होम क्वारेंटाइन किया व्यक्ति घर के एक कमरे तक ही सीमित रहे।  रसोई, बरामदा या अन्य कक्षों में न जाये, उसके कक्ष में ही उसे भोजन प्रदाय किया जाये।
हाथों को बार-बार साबुन व साफ पानी से 20 सेकण्ड तक धोयें। प्रयोग की गयी सभी वस्तुओं को साफ  रखें ।
अपने बर्तन व कपड़े स्वयं धोयें। क्वारेंटाइन किये गये व्यक्ति के कप, गिलास, खाने के बर्तन, टॉवल अन्य सदस्यों के साथ साझा न करें ।
मास्क पहनें रहें, जिसे 6 – 8 घंटे के अंतराल से बदलते रहें।
भोजन प्रदायगी एवं सामग्री प्रदायगी आदि में भी 6 फिट की दूरी बनाये रखें।
सोशल डिस्टेंसिंग (सामाजिक अलगाव) के नियमों का पालन करें।
सेनेटाइजर अथवा साबुन का प्रयोग हाथों को साफ  करने में करें, कम से कम 20 सेंकड तक दोनों हाथ रगडक़र आग-पीछे उंगलियों, कलाइयों, हथेलियों नाखूनों, अंगूठे की सफाई सहित धोएं/साफ  करें।
रूमाल, चश्मा, मोबाइल, पेन या अन्य कोई वस्तु व्यक्ति के पास यदि है तो घर के अन्य सदस्य को यह सामान एक कंटेनर/बॉक्स/डिब्बे में रखकर कम से कम 4 घंटे के लिए अलग स्थान पर रखना है।
घर में लाने वाली सामग्री जैसे- किराना, सब्जी, फल सभी को 4 घंटे अलग स्थान पर रखें एवं उसके पश्चात् सब्जियां गरम पानी या नमक मिले पानी में धोकर सुखाकर ही उपयोग करें।
बाहर से आने पर अपने सारे वस्त्र डिटर्जेंट के पानी में डालकर अलग धोएं एवं धूप में सुखाएं। साबुन से स्नान करें एवं सिर के बाल भी शैंपू से अवश्य धोएं। घर में प्रवेश के पूर्व हाथ एवं पैरों को अवश्य धोएं।
पौष्टिक आहार का सेवन करें, व्यायाम एवं योग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पियें।
किसी भी प्रकार से सर्दी, खांसी, बुखार, आंखों में जलन जैसे लक्षण हों तो इसे गंभीरता से लें और स्वास्थ्य सेवाओं के लिये विभाग के कन्ट्रोल रूम नं. 07141-230402, 9479480956 एवं 07141-234351, 9425008296 पर सम्पर्क करें।
अनिवार्यत: आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें।
सावधानी ही बचाव है, सोशल डिस्टेंसिंग एक मात्र उपाय है, बीमारी को गंभीरता से लें, नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार, छोटे बच्चों को तथा ग्राम/वार्ड के सभी व्यक्तियों को भी सुरक्षित रखें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री जीसी चौरसिया ने बताया कि ये सरल उपाय अपनाकर कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा घटाया जा सकता है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours