हर जिले में खुलेंगे प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज

Estimated read time 1 min read
  • मोहन यादव कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला, खुले में मांस-अंडे की दुकानों पर होगी सख्ती

भोपाल। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। हर जिले में प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाएंगे। मांस या अंडे की अवैध दुकानों पर सख्ती की जाएगी। लाउड स्पीकर/डीजे के इस्तेमाल को लेकर भी अहम आदेश जारी किया गया है।

कैबिनेट बैठक में ये निर्णय लिए गए

  • तय मापदंड के अनुसार ही लाउड स्पीकर/डीजे का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
  • खुले में मांस या अंडे की दुकान लगाने पर सख्ती होगी। नियमों के तहत व्यवसाय किया जा सकेगा।
  • हर जिले में प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाएंगे। जहां नई शिक्षा नीति के तहत सभी प्रकार के कोर्स की पढ़ाई हो सकेगी।
  • स्टूडेंट्स की डिग्री और मार्कशीट के लिए डिजी लॉकर की व्यवस्था की जाएगी। दस्तावेज का एक सुरक्षित डेटा बनेगा। सभी कॉलेज-यूनिवर्सिटी इसे चेक कर सकेंगी। सभी 52 निजी और 16 सरकारी यूनिवर्सिटी में ये लागू होगा।
  • आदतन अपराधियों पर सख्ती होगी। दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अगर ऐसे अपराधी जमानत पर बाहर आएंगे तो उनकी जमानत निरस्त की जाएगी।
  • तेंदूपत्ता बोनस प्रति बोरा 3 हजार रुपए से 4 हजार रुपए करने का निर्णय लिया गया है।

धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज में लाउड स्पीकर/डीजे पर रोक
कैबिनेट बैठक के बाद गृह विभाग ने लाउड स्पीकर/डीजे के इस्तेमाल को लेकर एक आदेश जारी किया है। जिसके मुताबिक किसी भी धार्मिक स्थल या अन्य स्थानों पर तय मापदंड के अनुसार ही लाउड स्पीकर/डीजे का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
तय मानकों से ज्यादा तेज आवाज में लाउड स्पीकर नहीं बजाए जाएंगे। शिकायत मिलने पर उड़नदस्ता जांच करेगा। जिला स्तर पर तीन सदस्यीय उड़नदस्ता गठित किया जाएगा। शिकायत की जांच तीन दिन में पूरी की जाएगी।
थाना स्तर पर ऐसे धार्मिक स्थलों की सूची बनाई जाएगी, जहां तेज आवाज में लाउड स्पीकर और डीजे बजाए जाते हैं। इसकी रिपोर्ट 31 दिसंबर 2023 तक सबमिट होगी। इसके लिए जिला स्तर पर वीकली रिव्यू मीटिंग होगी। आदेश के मुताबिक ऐसे मामलों में धर्म गुरुओं से संवाद और समन्वय के आधार पर लाउड स्पीकर को हटाने की कोशिश की जाएगी।
पूजा-अर्चना कर संभाला सीएम पद का कार्यभार
बुधवार शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री कक्ष में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। साथ ही मुख्य सचिव वीरा राणा भी मौजूद रहीं।
कुसमरिया ने पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला
सीनियर बीजेपी लीडर और पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया है। कुसमरिया के नियुक्ति का आदेश चुनाव के पहले जारी हो गया था। उन्होंने जॉइन आज किया है।
शपथ के बाद उज्जैन जाकर किए महाकाल दर्शन
इससे पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘शपथ ग्रहण करने के बाद बाबा महाकाल के दरबार में आया हूं। नया दायित्व मिला है, बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं। मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार एमपी में और प्रगति करेगी।’ नए CM के महाकालेश्वर मंदिर आगमन पर गर्भगृह और नंदी हॉल को 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया। पहली बार किसी मुख्यमंत्री के लिए मान सरोवर से नगाड़ा गेट तक रेड कार्पेट बिछाया गया।
महाकाल दर्शन करने से पहले मुख्यमंत्री यादव ने श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा जाकर सोला धारण किया। यहां विनीत गिरि महाराज ने उन्हें 145 तीर्थ स्थलों से एकत्रित जल और रुद्राक्ष की माला भगवान महाकाल के अभिषेक के लिए प्रदान कीं। गर्भगृह में पूजन के बाद मुख्यमंत्री वापस अखाड़ा पहुंचे। यहां उन्हें सीएम हाउस में लगाने के लिए भगवान महाकाल के शिखर की ध्वजा और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। रुद्राक्ष की माला पहनाई गई।

More From Author

+ There are no comments

Add yours