कलेक्टर ने अभियान के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश
बैतूल। जिले में एक अगस्त से किल कोरोना-।। अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान संकल्प की चेन जोड़ो-संक्रमण की चेन तोड़ो से प्रेरित है। यह अभियान एक अगस्त से 14 अगस्त के मध्य संचालित होगा। कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने शनिवार को अभियान की तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही इस अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान संक्रमण रोकने के लिए मास्क/फेस कव्हर पहनने की अनिवार्यता एवं सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के पालन तथा भीड़-भाड़ से बचने हेतु सतत् जन जागरूकता लायी जाएगी एवं आमजन के बीच प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मास्क एवं फिजीकल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाना सभी के लिए अनिवार्य होगा। जो इन नियमों का पालन नहीं करेगा, उनके विरूद्ध जुर्माना तथा अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। किल कोरोना-।। अभियान के दौरान निगरानी एवं समन्वय के लिए गृह विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेगा। नगरीय विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा, शिक्षा विभाग द्वारा भी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान मास्क न पहनने वाले व्यक्तियों के लिए रोको-टोको की कार्रवाई जारी रहेगी। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में एक मास्क-अनेक जिंदगी जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत बिना मास्क के चलने वाले लोगों को मास्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में मौजूद सीईओ जिला पंचायत श्री एमएल त्यागी, अपर कलेक्टर श्री जेपी सचान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप धाकड़, सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा, नोडल अधिकारी कोविड डॉ. सौरभ राठौर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री बीएल विश्नोई, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग श्री विशाल श्रीवास, उप पंजीयक सहकारिता श्री सोरते एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को अभियान का प्रभावी पालन सुनिश्चित करवाने के कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए। साथ ही कहा गया कि की गई कार्रवाई से सतत् उनको अवगत कराएं।
संकल्प की चेन जोड़ो-संक्रमण की चेन तोड़ो- जिले में एक से 14 अगस्त तक चलेगा किल कोरोना-।। अभियान
+ There are no comments
Add yours