- जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक में लिया गया निर्णय
शाजापुर। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यो में कोरोना वायरस कोविड-19 के पुन: बढ़ते प्रकरणों का देखते हुए जिले में एतिहात के तौर पर संक्रमण से बचाव के लिए शादी एवं अन्य समारोह में 200 से अधिक लोगों की उपस्थिति नहीं होने देने के संबंध में आज जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक में निर्णय लिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मिशा सिंह, पूर्व विधायक श्री अरूण भीमावद, श्री आशीष नागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आरएस प्रजापति, होमगार्ड कमांडेन्ट श्री विक्रमसिंह, जिला संयोजक श्रीमती निशा मेहरा, कार्यपालन यंत्री जलसंसाधन श्री पीसी सांकला, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री विजय कुमार चौहान, आरईएस श्री शैलेन्द्र शर्मा, सहायक संचालक महिला बाल विकास श्री सुभाष जैन, जिला पंचायत अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.एल. वर्मा भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि कोरोना वैक्सीन के आने के बाद लोग बेफिक्र हो गए हैं, जबकि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। वैक्सीन लगाने के बाद भी सुरक्षा के साधन अपनाना जरूरी है। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए सीमावर्ती जिलों में सावधानी बरती जा रही है। इसे देखते हुए जिले में भी संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरती जाना जरूरी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि लोगों को मास्क लगाने और कोरोना गाईड लाइन का पालन कराने के लिए जागरूक किया जाना जरूरी है। साथ ही कोई भी आयोजन करने के पूर्व अनुमति प्राप्त करने, समारोह आदि में 200 लोगों से अधिक की भीड़ इकट्ठी होने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने सभी लोगों से अनुरोध किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाकर आए। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन नहीं करें। विभागीय अधिकारियों से कलेक्टर ने कहा कि बैठकों में कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में चर्चा अनिवार्य रूप से करें। बाहर से आने वालों का आरटीपीसीआर टेस्ट कराने के लिए कहा। आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. दाताराम जयंत से त्रिकटु काढ़े की उपलब्धता की जानकारी ली गई। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सिंह ने कहा कि पंचायत सचिव एवं पटवारी ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आने वालों की जानकारी रखें। साथ ही आमजन से भी कहा कि उनके क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति बाहर से आता है तो उसकी जानकारी कोरोना कन्ट्रोल रूम को दें। बाहर से आने वाले व्यक्तियों से अनुरोध किया गया है कि वे स्वयं अपनी कोरोना जाँच कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्चे वितरीत कर एवं चौपालों के माध्यम से तथा नगरीय क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। जिला संयोजक श्रीमती मेहरा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए 10वी एवं 12वी के छात्रों के लिए छात्रावास शुरू कर दिये गये हैं। इन छात्रावास में पूर्व से भर्ती छात्रों को कोरोना गाईड लाइन के पालन के साथ सहमति के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। साथ ही प्रत्येक छात्रावास में एक कक्ष आरक्षित कर उसे क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। जिन छात्रावासों में कोविड केयर सेंटर संचालित थे, उन्हें नगरपालिका सीएमओ के माध्यम से सेनेटाईज कराने के लिए कलेक्टर ने निर्देश दिये।
+ There are no comments
Add yours