विजेता बोले- लाडली बहना ने दिलाई जीत, शिवराज की योजनाएं, पीएम का प्रभाव काम आया

Estimated read time 1 min read
  • बैतूल में निकली विजयी जुलूस

बैतूल। बैतूल में भाजपा की जीत से कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। बैतूल जिला मुख्यालय की सीट पर भाजपा प्रत्याशी के जीतने पर यहां बड़े जुलूस का आयोजन किया गया है। जुलूस में सभी विजयी उम्मीदवार शामिल हुए। विजेताओं ने जीत का श्रेय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाएं और प्रधानमंत्री मोदी के प्रभाव को दिया है। उन्होंने लाडली बहन योजना को भी इस जीत के लिए एक बड़ा कारण बताया है।

हेमंत बोले- कांग्रेस लोगों को करती है दुखी

बैतूल से चुनाव जीते पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल ने कहा- प्रदेश में सरकार जनता के आशीर्वाद से बनती है। शिवराज सिंह चौहान की योजनाएं और प्रधानमंत्री मोदी के प्रभाव से पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। संगठन और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत भी इसमें शामिल रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में इस बात की चुनौती थी कि सरकार लंबे समय से मध्य प्रदेश में पदस्थ है। इसकी वजह से लोगों के मन में शंका भी रहती है, लेकिन लोगों ने इन शंकाओं को निर्मूल साबित कर दिया। इस जीत में लाडली बहन का लाभ और सरकार की अन्य योजनाएं जीत का कारण बनी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है। लोगों को दुखी करती है। उन्होंने भरोसा जताया की उनके 2013 के कार्यकाल दौरान और इसके साथ ही पिछले वर्षों में करवाए गए पेयजल सिंचाई सड़क के काम को आगे बढ़ाने का काम भी करेंगे। जिले में विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में काम कराया जाएगा।

जीत का श्रेय मोदी-शिवराज को
भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की जीत है। हमने पिछले कार्यकाल के दौरान जो काम किए थे। वहीं, हमारी जीत का कारक बनी है। उन्होंने इस जीत के लिए पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान को जीत का श्रेय दिया है।

लाडली बहना ने दिलाई जीत

घोड़ाडोगरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाली गंगाबाई ने कहा कि इस चुनाव में उन्हें बेहद चुनौती का सामना करना पड़ा। जब उनके दिवंगत पति चुनाव लड़ते थे तो वह घर से सपोर्ट करती थी। लेकिन इस बार उन्हें खुद प्रत्याशी होने के कारण मैदान में आना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस जीत का श्रेय अपने दिवंगत पति और उन कार्यकर्ताओं को देती हैं, जिन कार्यकर्ताओं को उनके पति ने एक करके रखा था। लाडली बहन योजना और शिवराज सिंह की लोकप्रियता भी उनकी जीत का कारण बनी है।

महिला सशक्तिकरण के काम से मिली जीत

आमला विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार जीत का सेहरा बांधने वाले डॉक्टर योगेश पंडाग्रे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीतियों के चलते आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है । दोनों नेताओं ने महिला सशक्तिकरण के लिए जो काम किए हैं । उनकी ही बदौलत है कि उन्हें जीत मिली है। सरकार की जन हितैषी नीतियों को कार्यकर्ताओं ने जन जन तक पहुंचाया और लाडली बहन योजना ने इस जीत में बड़ा योगदान दिया है।

सिंचाई का रकबा बढ़ाना काम आया

मुलताई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे को शिकस्त देने वाले चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि उन्होंने साल 2013 और 2018 में अपने विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए खूब काम किया था। यही उनकी जीत की वजह बना है। लाडली बहन योजना भी इस जीत का कारण बनी है । उन्होंने कहा कि अब वह अपने क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए और ज्यादा काम करेंगे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours