मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा के बीच राज्यपाल से मिले शिवराज, लॉकडाउन खत्म होने के बाद 22 मंत्री शपथ ले सकते हैं

Estimated read time 1 min read

मंत्रिमंडल के गठन के समय मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा था- लॉकडाउन के बाद विस्तार करेंगे, और मंत्री बनाएंगे
कैबिनेट में सिंधिया समर्थकों को जगह मिलने से ड्रॉप किए गए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को तरजीह मिलेगी

भोपाल. मध्य प्रदेश में शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। दूसरे विस्तार में 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। इस बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजभवन जाकर राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की है। सूत्र बता रहे हैं कि दोनों के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। इसके साथ ही सीएम ने राज्यपाल को प्रदेश में कोरोना को लेकर सरकार के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। 3 मई को लॉकडाउन की अवधि खत्म हो रही है। इसके के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इसके संकेत खुद सीएम ने हाल ही में मंत्रिमंडल के गठन के समय दिए थे। संभावना है कि 5 मई को मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाए।

शिवराज सिंह चौहान ने 23 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। करीब 28 दिन बाद 21 अप्रैल को मंत्रिमंडल का गठन किया गया। इसमें दो मंत्री सिंधिया खेमे और तीन भाजपा विधायकों को मंत्री बनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि हमारा मंत्रिमंडल छोटा है, लेकिन हमने हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।

दिल्ली में लगेगी नामों पर अंतिम मुहर
मंत्रिमंडल में सिंधिया समर्थकों के साथ भाजपा के बड़े नेताओं को भी जगह मिल सकती है। इसे लेकर मुख्यमंत्री की संगठन स्तर पर भी चर्चा हुई है। बताया जा रहा है कि मंत्री पद के लिए नामों पर अंतिम फैसला होने के बाद सूची दिल्ली भेजी जाएगी। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद विस्तार किया जाएगा। अभी विस्तार की तारीख घोषित नहीं की गई है।

भाजपा से इन नामों पर चर्चा

भाजपा से मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले जिन नामों पर चर्चा चल रही है, उनमें भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, रामपाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, अजय विश्नोई, गौरीशंकर बिसेन, संजय पाठक, विश्वास सारंग, अरविंद भदौरिया, विजय शाह, ओमप्रकाश सकलेचा, जगदीश देवड़ा, यशपाल सिंह सिसोदिया, हरिशंकर खटीक, प्रदीप लारिया, पारस जैन, रमेश मेंदोला, गोपीलाल जाटव, मोहन यादव और सुरेंद्र पटवा के नाम शामिल हैं।

सिंधिया खेमे के इनको मिल सकती है जगह
शिवराज कैबिनेट के विस्तार में इस बार फिर से सिंधिया समर्थक चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। मिनी कैबिनेट में भी सिंधिया खेमे से दो चेहरे गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट जगह पाने में कामयाब रहे थे। अब विस्तार में कुछ और चेहरे मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसमें पूर्व मंत्री इमरती देवी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युमन सिंह तोमर, प्रभुराम चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा ऐंदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, बिसाहू लाल सिंह, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव भी संभावितों में हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours