- केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जिलावार रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन की सूची भेजी
- सबसे ज्यादा 19 रेड जोन और 36 ऑरेंज जोन यूपी में, सबसे ज्यादा 30 ग्रीन जोन असम में
नई दिल्ली. देश में लॉकडाउन 4 मई से 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। यह 3 मई को खत्म हो रहा था। सरकार ने बताया कि 14 दिन तक रेड जोन में कोई राहत नहीं दी जाएगी। लेकिन, ऑरेंज और ग्रीन जोन में थोड़ी रियायत दी जाएगी। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हाईलेवल मीटिंग बुलाई थी। यह करीब ढाई घंटे चली। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ विपिन रावत, रेल मंत्री पीयूष गोयल समेत सेक्रेट्री लेवल के कई अन्य अफसर मौजूद रहे।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 35 हजार 89 हो गई है। शुक्रवार को आंध्रप्रदेश में 60, राजस्थान में 58, पश्चिम बंगाल में 37, बिहार में 25, कर्नाटक में 11, हरियाणा में 8, बिहार में 7 और ओडिशा में 5 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 35 हजार 43 संक्रमित हैं। इनमें से 25 हजार 7 का इलाज चल रहा है, 8888 ठीक हुए हैं और 1148 की मौत हुई।
सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें
- मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को बताया गया कि 15 दिन में पीपीई किट जैसे उत्पादों की जांच करने वाली 9 लैब बनाई गई हैं। पहले कोयंबटूर में सिर्फ एक लैब थी।
- 21 लाख पीपीई किट प्राप्त हो चुकी हैं। 25 मार्च तक देश में हर दिन सिर्फ 3312 पीपीई किट का उत्पादन था, लेकिन अब हर दिन 1 लाख 86 हजार किट बनाई जा रही हैं।
- एन-95 मास्क की मांग 2.72 करोड़ है। कुल ऑर्डर 2.49 करोड़ किया गया है। इनमें घरेलू ऑर्डर 1.49 करोड़ है। हर दिन 2.30 लाख मास्क बनाए जा रहे हैं।
- कोरोना संक्रमण की जांच में इस्तेमाल होने वाली 35 लाख आरटी-पीसीआर टेस्टिंग किट की जरूरत है। आईसीएमआर ने 21 लाख किट का आर्डर दिया है। घरेलू आर्डर 2 लाख है और अभी तक 13.75 लाख किट मिल चुकी हैं।
दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 28 अप्रैल | 1902 |
| 25 अप्रैल | 1835 |
| 29 अप्रैल | 1702 |
| 23 अप्रैल | 1667 |
| 26 अप्रैल | 1607 |
26 राज्य, 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 6 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 10,498 | 1773 | 459 |
| गुजरात | 4395 | 613 | 214 |
| दिल्ली | 3515 | 1094 | 59 |
| मध्यप्रदेश | 2625 | 482 | 137 |
| राजस्थान | 2642 | 983 | 61 |
| तमिलनाडु | 2323 | 1258 | 27 |
| उत्तरप्रदेश | 2230 | 551 | 40 |
| आंध्रप्रदेश | 1463 | 403 | 33 |
| तेलंगाना | 1038 | 442 | 28 |
| पश्चिम बंगाल | 795 | 139 | 33 |
| जम्मू-कश्मीर | 614 | 216 | 8 |
| कर्नाटक | 576 | 235 | 22 |
| केरल | 498 | 383 | 4 |
| पंजाब | 480 | 104 | 20 |
| हरियाणा | 347 | 235 | 4 |
| बिहार | 450 | 84 | 2 |
| ओडिशा | 148 | 39 | 1 |
| झारखंड | 110 | 19 | 3 |
| उत्तराखंड | 57 | 36 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 40 | 28 | 2 |
| असम | 43 | 29 | 1 |
| छत्तीसगढ़ | 40 | 36 | 0 |
| चंडीगढ़ | 74 | 18 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 33 | 16 | 0 |
| लद्दाख | 22 | 17 | 0 |
| मेघालय | 12 | 8 | 1 |
| पुडुचेरी | 8 | 5 | 1 |
| गोवा | 7 | 7 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
| त्रिपुरा | 2 | 2 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 1 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 35 हजार 43 संक्रमित हैं। इनमें से 25 हजार 7 का इलाज चल रहा है, 8888 ठीक हुए हैं और 1148 की मौत हुई।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 2625: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण में कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 30 अप्रैल की रिपोर्ट में 2617 सैम्पल की जांच में सिर्फ 65 टेस्ट पॉजिटिव आए। इंदौर में 451 टेस्ट में 10, भोपाल में 1275 टेस्ट में 25, ्रजबलपुर में 157 में से 7 और उज्जैन में 94 में से 11 सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं।

- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 2230 उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 93 नए पॉजिटिव मिले। आगरा में सबसे ज्यादा 46 केस सामने आए। यहां कुल 479 संक्रमित हो गए। लखनऊ में 7 केस मिले। यहां अब 218 संक्रमित हैं। राज्य में 1630 एक्टिव केस हैं। इस बीमारी से 43 की मौत हुई है, जबकि 551 मरीज ठीक हुए हैं।

- महाराष्ट्र, संक्रमित- 10498: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर जनता से फेसबुक के जरिए बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य में 3 मई के बाद से कई जिलों में शर्तों के साथ लॉकडाउन के नियम में ढील दी जाएगी। उनका इशारा राज्य के ऑरेंज और ग्रीन जोन में आने वाले जिलों की ओर था।
- राजस्थान, संक्रमित- 2642: यहां शुक्रवार को 58 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें जोधपुर में 18, जयपुर में 14, अजमेर में 11, कोटा और चित्तौड़गढ़ में 7-7, जबकि राजसमंद में 1-1 मरीज मिला। राज्य में सबसे ज्यादा 921 संक्रमित जयपुर और इसके बाद 528 जोधपुर में हैं।
- दिल्ली, संक्रमित- 3515: कोरोना के खतरे को देखते हुए हरियाणा ने शुक्रवार से दिल्ली से सटी राज्य की सीमा सील कर दी। वाहनों, यहां तक कि डॉक्टर, पुलिस, पत्रकारों को भी रोका गया। हालांकि, हरियाणा सरकार का कहना है कि सरकारी और जरूरी सामानों की सप्लाई में लगे वाहनों को छूट दी गई है। हरियाणा सरकार का कहना है कि दिल्ली से अप-डाउन करने वाले लोग कोरोना कैरियर हैं।

- बिहार, संक्रमित- 450: यहां शुक्रवार को संक्रमण के 25 मामले सामने आए। बक्सर में 11, कैमूर में 6, रोहतास में 6 और भोजपुर और नालंदा में एक-एक मरीज मिले हैं। राज्य में अब तक कोरोना से 84 लोग ठीक हो चुके हैं, दो लोगों की मौत हुई है। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित मुंगेर जिले में 95 कोरोना संक्रमित हैं। पूरा जिला रेड जोन में है।
कोरोना से संबंधित कुछ और अपडेट
- लॉकडाउन के कारण तेलंगाना में फंसे 1200 मजदूरों को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन झारखंड रवाना हो गई। सुबह 4:50 बजे लिंगमपल्ली से निकली यह गाड़ी रात 11 बजे झारखंड के हटिया पहुंचेगी। इन मजदूरों को भेजने में सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कोरोना के रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के बारे में जानकारी दी है। देश के 130 जिले रेड जोन में, जबकि 319 जिले ग्रीन जोन में हैं। इनमें 3 मई के बाद भी सख्ती जारी रह सकती है। उन्होंने कहा है कि रिकवरी रेट बढ़ा है। इसी हिसाब से अब अलग-अलग इलाकों में जिलों को जोन वाइज बांटा जा रहा है।
- कोरोना संक्रमण की जांच में उपयोग की जाने वाली आरटी-पीसीआर टेस्टिंग किट के लिए 60 स्वदेशी कंपनियों को मंजूरी मिली है। इनमें से 5 कंपनियों यह किट बनाएंगी, जबकि 55 इन्हें विदेश से आयात करेंगी।
+ There are no comments
Add yours