भोपाल। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भोपाल में सोमवार को 3 बड़ी तिरंगा यात्राएं निकलीं। पहली तिरंगा यात्रा 25 किमी तक निकली। दूसरी यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हाथों में तिरंगा थामे खुली जीप में निकले। तीसरी यात्रा नरेला विधानसभा में निकली जिसमें विश्वास सारंग शामिल हुए।
1. विलीनीकरण शहीद स्मृति से निकली यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
शाम 4 बजे विलीनीकरण शहीद स्मृति द्वार से शिवराज सिंह चौहान की तिरंगा यात्रा शुरू हुई। सीएम खुली जीप में सवार तिरंगा थामे हुए थे। करीब 1 घंटा तक तिरंगा यात्रा में शामिल रहे। इस दौरान उनका फूलों की बारिश करके स्वागत किया गया। जीप में महापौर मालती राय, आलोक शर्मा भी सवार हुए। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा थामे हुए थे। मुस्लिम समाज की महिलाओं ने भी यात्रा का स्वागत किया।

विलीनीकरण शहीद स्मृति द्वार से तिरंगा यात्रा शुरू हुई। जिसमें मुख्यमंत्री चौहान शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान शिवराज सिंह ने मासूम बच्चों के हाथों में तिरंगा सौंपकर उनका हाल जाना।
2. कोलार से बैरागढ़ तक निकली तिरंगा यात्रा
दोपहर 12 बजे भोपाल में करीब 25 किमी लंबी तिरंगा यात्रा निकली। यात्रा कोलार रोड के मदर टेरेसा स्कूल के पास से शुरू हुई। जो बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) पहुंचकर खत्म हुई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक और कार से युवा शामिल हुए। देशभक्ति गानों में लोग झूमते दिखे।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद विधायक शर्मा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा मदर टेरेसा स्कूल मुखर्जी नगर कोलार से शुरू होकर भोपाल के अलग-अलग चौक-चौराहों से होती हुई संत हिरदाराम नगर पहुंची। करीब 500 से अधिक स्थानों पर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत हुआ।

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले युवाओं ने विशेष तैयारियां करके पहुंचे थे। साफे के साथ कुर्ता-पजामा, तिरंगे रंग के दुपट्टे, तिरंगा पगड़ी यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहा।
रामेश्वर शर्मा की तिरंगा यात्रा बैरागढ़ चिचली कोलार, डी-मार्ट चौराहा, ललिता नगर, बीमाकुंज, सर्व-धर्म कोलार, चूनाभट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ चौराहा, नानके तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा, विवेकानंद चौराहा (पॉलिटेक्निक चौराहा), राजा भोज सेतु, वीआईपी रोड, लालघाटी , हलालपुर बस स्टैंड से होते हुए संत हिरदाराम नगर, दीनदयाल उपमंडी भैंसाखेड़ी पहुंची।

तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी शामिल हुए।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत अब एक हुआ है। विश्व में भारत की जनता का मान बढ़ा है। पहले तिरंगा विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा ही फहराया जाता था और सरकारी कार्यालयों की शोभा बढ़ाता था। अब मोदी सरकार ने भारत के आम नागरिक को अपने हाथों में तिरंगा थामने और घरों में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है, यह क्रांतिकारी कदम है।
3. नरेला विधानसभा में कई इलाकों से गुजरी तिरंगा यात्रा
सोमवार शाम को नरेला विधानसभा में तिरंगा यात्रा शुरू हुई। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा थामे हुए थे। मंत्री खुद भी तिरंगा थामे हुए थे। इस दौरान देशभक्ति तरानों से पूरा समां गूंज उठा। करोंद क्षेत्र में निकली तिरंगा यात्रा का रास्तेभर में स्वागत किया गया। मंत्री सारंग ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील भी की।

शाम को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में करोंद इलाके में तिरंगा यात्रा निकाली गई।

नरेला विधानसभा क्षेत्र में में निकली विश्वास सारंग की तिरंगा यात्रा में सड़कों में युवाओं में जमकर उत्साह देखने को मिला।
+ There are no comments
Add yours