- बोली- पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, थाने से लौटाया
बैतूल। 6 महीने पहले लव मैरिज करने वाली एक युवती की उसके परिजनों ने ससुराल पहुंचकर पिटाई कर दी। युवती को आज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला साईंखेड़ा थाना इलाके का है। पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। बताया जा रहा है कि युवती प्रतिभा (परिवर्तित नाम) ने पिछले 4 अप्रैल को गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग के बाद कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। उसका कोर्ट मैरिज करना उसके मायका पक्ष को रास नहीं आ रहा था। कोर्ट मैरिज से नाराज उसके पिता, मां और बुआ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। युवती के मुताबिक, उसके पिता रमेश, मां और बुआ उसके ससुराल पहुंचे और उसे घर से बाहर निकालकर जमकर पीटा। इससे आई चोटों के बाद उसे ससुराल वाले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसे भर्ती कराया। उसने पिछले 4 अप्रैल को कोर्ट मैरिज की थी।
युवती के मुताबिक मारपीट की घटना के पहले उन्हें पहले से ही पिटाई का अंदेशा था। इसलिए वे शिकायत लेकर साईंखेड़ा थाने पहुंचे थे। लेकिन उनकी शिकायत नहीं लिखी गई। युवती ने बताया कि मां बाप उससे कोर्ट मैरिज करने से नाराज थे। उससे कहा जा रहा था कि उसने ऐसा क्यों किया। उसे बचाने आए लोगों को भी उसे बचाने से रोक दिया गया। उधर, साईंखेड़ा थाना प्रभारी नन्हेवीर सिंह के मुताबिक, थाने में इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। अस्पताल चौकी से तहरीर मिलने के बाद वे इस मामले में कार्रवाई करेंगे। जिला अस्पताल पुलिस के प्रभारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया, युवती के बयान दर्ज किए गए हैं। जिसे साईखेड़ा भेजा जा रहा है।
+ There are no comments
Add yours