- पत्रकारों ने काली पट्टी बांधी, पूर्व सांसद से की एसडीओपी को हटाने की मांग
बैतूल। बैतूल से प्रकाशित हिन्दी दैनिक सांझवीर टाईम्स ने 4 और 7 जून को प्रकाशित गुफ्तगु कॉलम के बाद पुलिस द्वारा संपादक पंकज सोनी को खबर का स्त्रोत पूछने और बयान देने के लिए नोटिस जारी किए गए। पुलिस के इस गैर जिम्मेदाराना रवैये की पत्रकार संगठनों ने तीखे शब्दों में निंदा की है। सांसद, आमला विधायक और बैतूल विधायक को ज्ञापन देने के बाद सोमवार जिला मुख्यालय के पत्रकारों ने पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल को एसडीओपी के रवैये की जानकारी दी। दूसरी ओर पूरे जिले में भी इस मामले में पत्रकारों में रोष व्याप्त है। ब्लॉक और अन्य स्थानों पर भी पुलिस के रवैये का विरोध हो रहा है। संगठनों ने क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी को ज्ञापन देकर एसडीओपी को हटाने की मांग की है।
पुलिस विभाग द्वारा संपादक पंकज सोनी को 9 और 10 जून को नोटिस जारी कर अनावश्यक रूप से बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। इसके अलावा कंट्रोल रूम में भी बुलाकर बयान देने के लिए मोबाईल पर कहा गया। इसके विरोध में पत्रकार संगठन एकजुट होकर पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे है। सोमवार को जिला मुख्यालय के पत्रकार संगठनों ने पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल को पुलिस की अब तक गतिविधियों से अवगत कराया। उन्हें यह भी बताया गया कि ज्ञापन सौंपने और विरोध जताने पर पत्रकारों की भी पुलिस विभाग द्वारा रैकी कराई जा रही है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए चर्चा करने की बात कही। पत्रकारों ने उनसे शाहपुर एसडीओपी की कार्यप्रणाली पर जिले से स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने इस बारे में चर्चा करने का आश्वासन दिया है। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि वे पत्रकारों के साथ हर मौके पर खड़े है।
पूरे जिले में विरोध
सांझवीर टाईम्स के संपादक पंकज सोनी पर पुलिस विभाग द्वारा दबाव बनाने के विरोध में पूरे जिले में जगह-जगह विरोध हुआ है। सारनी में एसडीओपी को यहां के पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपकर शाहपुर एसडीओपी की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताया। इस घटना का तीखे शब्दों में विरोध करते हुए एसडीओपी पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में पत्रकार कालीदास चौरासे, नन्हें चन्द्रवंशी, अन्नु गोहे, छविनाथ भारद्वाज, शंकर साहू, संजू डोंगरे, भीमबहादुर थापा, ब्रजकिशोर भारद्वाज, राजेन्द्र सोनी, संदीप सोनी आदि मौजूद थे। यहां पर सतपुड़ा आंचलिक पत्रकार संघ ने आईजी के नाम ज्ञापन एसडीओपी को सौंपकर शाहपुर एसडीओपी से माफी मांगने की बात कही है। ज्ञापन में बताया कि माफी नहीं मांगने पर सतपुड़ा प्रेस क्लब जय स्तंभ पर एक दिन का सांकेतिक धरना देगा। इस दौरान संघ के अध्यक्ष विनोद जगताप, पत्रकार प्रमोद गुप्ता, शिवाजी सुने, नवीन सोनी, प्रवीण मंडल, सुधा चन्द्रा, विष्णु गुप्ता आदि मौजूद थे। मुलताई में भी पत्रकारों ने अपना विरोध जाहिर करते हुए तहसीलदार का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया और उचित कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार अक्षय सोनी, नवीन ओमकार, चंदू देशमुख, चिंटू खन्न आदि ने घटना का विरोध जताया है। आमला में भी मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन देकर पत्रकारों ने शाहपुर एसडीओपी के कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे चौथे स्तंभ पर दबाव बनाना बताया। ज्ञापन सौंपे वालों में विरेन्द्र बतरे, नितिन खातरकर, शिवपाल रामपुरे, अंकित सूर्यवंशी, शिव साहू, रूपेश साहू, अजय सोलंकी, राकेश धामोड़े, दिलीप पाल, निलेश सोनी, मदन साहू, मुकेश मांगर, विक्की पारधी, सुमित महतकर, अनिल साहू,विरेन्द्र बर्थे, निलेश राठौर आदि मौजूद थे। घोड़ाडोंगरी में तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा को श्रमजीवी पत्रकार के बैनर तले ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर संघ के उपाध्यक्ष विशाल बतरा ने कहा कि पुलिस द्वारा पत्रकारों को नोटिस देना चौथे स्तंभ के दमन जैसा है। यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। संघ ने इसका कड़ा विरोध किया है। मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंप गए ज्ञापन में पत्रकार सचिन अग्रवाल, विनोद पातारिया, विशाल घोड़की, प्रकाश सराठे, आशीष वागद्रे, पंकज नागवंशी, संतोष जावलकर, सिद्धार्थ बिहारे उपस्थित रहे।
भैंसदेही में काली पट्टी बांधकर विरोध
जिला मुख्यालय के वरिष्ठ पत्रकार को पुलिस द्वारा दिए गए नोटिस के विरोध में भैसदेही मुख्यालय पर पत्रकारों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों ने कड़े शब्दों में पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। इस दौरान पत्रकार शंकर राय, राजेन्द्र दुले, योगेश सोनी, दिलीप घोरे, ललित, उमेश सोनी, गजाजन असवार, नीलेश सिंह ठाकुर, ललित छत्रपाल, अंकित राय, कमलेश कावड़कर समेत अन्य पत्रकार मौजूद थे। इधर आठनेर में भी पत्रकारों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई का विरोध जताया है। इस दौरान देवीदास गावंडे, प्रकाश आवठे, विक्की लोखंडे, आशीष बर्डे, निखिल सोनी, गोवर्धन राने समेत अन्य पत्रकार मौजूद थे। शाहपुर में भी पत्रकार संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शाहपुर एसडीओपी की कार्रवाई का कड़े शब्दों में विरोध किया। इस दौरान सचिन शुक्ला, संजय गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता, नवीन वर्मा, आशीष राठौर आदि मौजूद थे।
+ There are no comments
Add yours